पूर्व खिलाड़ी विनोद कांबली हुए अस्पताल से डिस्चार्ज, अपने फैंस से की खास अपील
भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी विनोद कांबली मुंबई के आकृति अस्पताल से 1 जनवरी 2025 को डिस्चार्ज हो चुके हैं।
अद्यतन – जनवरी 2, 2025 1:20 अपराह्न
भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी विनोद कांबली मुंबई के आकृति अस्पताल से 1 जनवरी 2025 को डिस्चार्ज हो चुके हैं। बता दें कि, तबीयत खराब होने की वजह से विनोद कांबली को आकृति अस्पताल में 21 दिसंबर को भर्ती कराया गया था।
विनोद कांबली ने शुरू में इस बात पर हामी भरी थी कि उनकी मांसपेशियों में ऐंठन और Urinary संक्रमण की वजह से पूर्व खिलाड़ी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन बाद में इस बात का खुलासा हुआ कि उनके मस्तिष्क में क्लॉट है। अस्पताल के निदेशक और विनोद कांबली के फैन डॉक्टर शैलेश ठाकुर ने उनके स्वास्थ्य को ठीक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उन्होंने इस बात की भी पुष्टि कर दी है कि अब पूर्व खिलाड़ी पहले से काफी ठीक है और इसीलिए उन्हें वापस घर भेजा जा रहा है।
शैलेश ठाकुर ने टाइम्स आफ इंडिया को बताया कि, ‘वो अब ठीक है। मैं उन्हें वापस घर ड्रॉप कर रहा हूं।’ विनोद कांबली ने कहा कि, ‘डॉ ठाकुर ने मुझे फिट कर दिया है और मैंने उनसे कहा है कि अब मैं तभी वापसी करूंगा जब पूरी तरह से फिट हो जाऊंगा। मैं शिवाजी पार्क में लोगों को यह बताऊंगा कि मैं विनोद कांबली हूं जिन्होंने अभी तक क्रिकेट नहीं छोड़ा है। अस्पताल में भी लोगों ने मुझे काफी अच्छा क्रिकेट का अभ्यास करवाया। मैंने सिर्फ चौके और छक्के मारे।’ यही नहीं विनोद कांबली ने सभी को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दी और साथ ही फैंस को नशे से दूर रहने को कहा।
यह रही वीडियो:
अस्पताल के बाहर का दृश्य काफी शानदार था क्योंकि विनोद कांबली ने भारत की वनडे जर्सी पहनी थी और फैंस और अस्पताल के कर्मचारियों ने उनका शानदार तरीके से स्वागत किया। वो क्रिकेट का बैट पकड़े हुए थे और तमाम फैंस का मनोरंजन करते हुए उन्होंने कुछ शॉट्स भी खेले। हाल ही में एक वीडियो में विनोद कांबली को अस्पताल के कर्मचारियों के साथ एक लोकप्रिय गाने में डांस करते हुए भी देखा गया।
अनुभवी खिलाड़ी ने टीम इंडिया की ओर से 1991 से 2000 तक 121 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जिसमें विनोद कांबली ने सिर्फ 17 टेस्ट में 54 के ऊपर के औसत से 1084 रन बनाए। यही नहीं विनोद कांबली के नाम 104 वनडे मैच में 32.59 के औसत से 2477 रन भी हैं।