आईसीसी की मार्च के अंत में होने वाली महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह बैठक 25 से 27 मार्च के बीच दोहा में आयोजित की जानी थी। लेकिन मध्य पूर्व में जारी तनाव और संघर्ष की स्थिति को देखते हुए आईसीसी ने यह फैसला लिया कि अभी बैठक कराना उचित नहीं होगा। इसलिए इसे आगे के लिए टाल दिया गया है।
अब उम्मीद जताई जा रही है कि यह बैठक अप्रैल महीने में आयोजित की जा सकती है। हालांकि, आईसीसी की ओर से अभी तक नई तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि जैसे ही स्थिति सामान्य होगी, संगठन जल्द ही बैठक की नई तारीख और स्थान के बारे में जानकारी देगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण कई देशों के प्रतिनिधियों की यात्रा और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। इसी वजह से बैठक को टालना जरूरी माना गया। आईसीसी ने इस फैसले की जानकारी अपने सभी सदस्य देशों को दे दी है। बताया गया है कि शनिवार को, अहमदाबाद में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से एक दिन पहले, आईसीसी की ओर से सभी बोर्डों को औपचारिक सूचना भेजी गई थी।
नया स्थान और तारीख अप्रैल में तय होने की संभावना
यह बैठक आईसीसी के नियमित प्रशासनिक कार्यक्रम का हिस्सा होती है। इसमें आईसीसी बोर्ड के निदेशक, विभिन्न देशों के क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, समिति के सदस्य और संगठन के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल होते हैं।
इस दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाती है और भविष्य की योजनाओं पर भी विचार किया जाता है। आईसीसी अब इस बैठक के लिए किसी अन्य सुरक्षित स्थान की तलाश भी कर रहा है, ताकि सभी सदस्य बिना किसी परेशानी के इसमें भाग ले सके।
इससे पहले 22 फरवरी को आईसीसी ने अपने बयान में कहा था कि दोहा को बैठक के लिए इसलिए चुना गया था क्योंकि कतर में क्रिकेट तेजी से आगे बढ़ रहा है। आईसीसी का कतर क्रिकेट एसोसिएशन और कतर ओलंपिक समिति के साथ सहयोग भी लगातार बढ़ रहा है, जिससे वहां खेल को बढ़ावा मिला है।
इस बीच कई आईसीसी अधिकारी अहमदाबाद में मौजूद रहेंगे, जहां टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। यह शहर आईसीसी चेयरमैन जय शाह का भी होमसिटी भी है। जानकारी के अनुसार कई क्रिकेट बोर्ड के प्रतिनिधि भी इस बड़े मुकाबले को देखने के लिए अहमदाबाद पहुंच सकते हैं।








