
बीसीसीआई के बेंगलुरू स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 11 सितंबर से दलीप ट्राॅफी 2025 का फाइनल मैच, साउथ जोन और सेंट्रल जोन के बीच खेला जा रहा है। तो वहीं, आज इस फाइनल मैच में तीसरे दिन का खेल समाप्त हुआ।
तीसरे दिन के खेल के बाद भी सेंट्रल जोन मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। स्टंप के समय साउथ जोन ने 33 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद, 2 विकेट के नुकसान पर कुल 129 रन बना लिए हैं। क्रीज पर इस समय रिकी भुई 26* और एस रविचंद्रन 37* रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। साउथ जोन अभी भी सेंट्रल जोन से 233 रनों के बड़े अंतर से पीछे है।
सेंट्रल जोन ने बनाए 511 रन
इससे पहले सेंट्रल जोन की ओर से पहली पारी में कमाल की बल्लेबाजी देखने को मिली। पूरी टीम ने 511 रनों का एक विशाल लक्ष्य बनाया। तो वहीं, सेंट्रल जोन को इस स्कोर तक पहुंचाने में मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज यश राठौर (194) ने अहम भूमिका निभाई, जो दोहरा शतकर बनाने से सिर्फ 6 रनों से चूक गए।
साथ ही सेंट्रल जोन के लिए कप्तान रजत पाटीदार ने 101 रन बनाए, तो सारांश जैन ने 69 और दानिश मालेवर ने भी 53 रनों की बहुमूल्य पारियां खेली। इससे पहले साउथ जोन के लिए पहली पारी में गुर्जपनीत सिंह को व अंकित शर्मा को 4-4 विकेट मिले। इसके अलावा मोहम्मद निधेश व वासुकी कौशिक को 1-1 सफलता मिली।
इसके बाद, दूसरी पारी में साउथ जोन के लिए ओपनिंग करने तन्मय अग्रवाल और मोहित काले आए, जो बड़ी पारी नहीं खेल पाए। तन्मय को 26 रनों के निजी स्कोर पर कुलदीप सेन ने बोल्ड आउट किया, तो मोहित को सारांश जैन ने पगबाधा आउट किया।
तो वहीं, दिन की समाप्ति पर एस रविचंद्रन 37* और रिकी भुई 26* रनों पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। सेंट्रल जोन की ओर से दूसरी पारी में अभी तक कुलदीप सेन व सारांश जैन को 1-1 सफलता मिली है।










