
आईपीएल 2025 का 70वां मुकाबला आज यानी 27 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 6 विकेट से जीता। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से सभी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 227 रन बनाए। लखनऊ टीम की ओर से कप्तान ऋषभ पंत ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम के लिए दमदार शतक बनाया। पंत ने 61 गेंद पर 11 चौके और 8 छक्कों की मदद से 118* रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान ऋषभ पंत ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी के खिलाफ तगड़ा प्रहार किया।
ऋषभ पंत के अलावा इनफॉर्म सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने 37 गेंद पर 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 67 रन की बहुमूल्य पारी खेली। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच दूसरे विकेट के लिए 152 रन की तूफानी साझेदारी हुई। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के गेंदबाज इस मैच में बेहतरीन गेंदबाजी करने में असफल रहे।
आरसीबी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीता रोमांचक मुकाबला
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम ने इस मैच को 19 ओवर के भीतर ही जीत लिया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से कप्तान जितेश शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 85* रन की मैच विनिंग पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान जितेश शर्मा ने 8 चौके और 6 छक्के जड़े।
जितेश शर्मा के अलावा मयंक अग्रवाल ने 41 रन बनाए, जबकि विराट कोहली ने 54 रन की बहुमूल्य पारी खेली। फिल साल्ट ने 30 रन का योगदान दिया। इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने क्वालीफायर 1 में अपनी जगह पक्की की। लखनऊ टीम की ओर से ऋषभ पंत ने शानदार शतक बनाया था, लेकिन टीम के गेंदबाजों ने काफी खराब गेंदबाजी की और इसी वजह से आरसीबी ने इस मैच को आसानी से अपने नाम कर लिया।









