
बेंगलुरु के प्रतिष्ठित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम ने 2025 के आईसीसी महिला वनडे विश्व कप की मेजबानी का अधिकार खो दिया है। टूर्नामेंट के पहले मैच और संभावित सेमीफाइनल सहित, एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले पांच मैच अब नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में स्थानांतरित कर दिए गए हैं।
यह फैसला जून में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आईपीएल 2025 के विजय समारोह के दौरान हुई भीषण भगदड़ के बाद आया है, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर 4 जून को हुई घटना ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ में खलबली मचा दी थी। आरसीबी के पहले आईपीएल खिताब का जश्न मनाने के लिए हजारों प्रशंसक इकट्ठा हुए थे, लेकिन भीड़ के खराब मैनेजमेंट के कारण अफरा-तफरी मच गई, जिसके परिणामस्वरूप मौतें हुईं और दर्जनों लोग घायल हुए। इस घटना से पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया और सरकार ने केएससीए और फ्रैंचाइजी दोनों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।
BCCI ने जारी किया नया शेड्यूल
बेंगलुरु में 30 सितंबर को मेजबान भारत और श्रीलंका के बीच टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच, 3 अक्टूबर को इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबला, 26 अक्टूबर को भारत और बांग्लादेश के बीच मुकाबला, दूसरा सेमीफाइनल और फाइनल मैच होना था।
गुवाहाटी का बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम अब टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच के साथ-साथ 3 अक्टूबर को इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच की मेजबानी करेगा। दूसरी ओर, डीवाई पाटिल स्टेडियम 20 अक्टूबर (श्रीलंका बनाम बांग्लादेश), 26 अक्टूबर (भारत बनाम बांग्लादेश) के मैचों के साथ-साथ दूसरे सेमीफाइनल और फाइनल की मेजबानी करेगा।
कोलंबो का आर प्रेमदासा स्टेडियम, जो पहले 20 अक्टूबर के मैच की मेजबानी करने वाला था, अब 11 अक्टूबर को इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच होने वाले मैच की मेजबानी करेगा, जो पहले गुवाहाटी में होना था। कोलंबो ग्रुप चरण में 11 मैचों की मेजबानी करेगा और अगर पाकिस्तान अगले चरण में पहुंच जाता है तो पहला सेमीफाइनल और फाइनल भी यहीं होगा।
ग्रुप चरण 26 अक्टूबर को भारत और बांग्लादेश के बीच मुकाबले के साथ समाप्त होगा, जिसके बाद 29 अक्टूबर को नॉकआउट मुकाबले शुरू होंगे। फाइनल 2 नवंबर को होगा।
भारत की विश्व कप टीम
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, रेणुका सिंह, अरुंधति रेड्डी, ऋचा घोष, क्रांति गौड़, अमनजोत कौर, राधा यादव, एन श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, स्नेह राणा
स्टैंडबाय: तेजल हसब्निस, प्रेमा रावत, प्रिया मिश्रा, उमा छेत्री (विकेटकीपर), मिन्नू मणि, सयाली सतघरे










