
जारी महिला प्रीमियर लीग के चौथे सीजन का 13वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेला गया। बता दें कि इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की मुंबई पर 7 विकेट से जीत के बाद, प्लेऑफ की रेस और ज्यादा रोमांचक हो गई है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 155 रनों का टारगेट दिल्ली कैपिटल्स के सामने जीत के लिए रखा, जिसे कैपिटल्स ने कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स (51 रन, 37 गेंद) की शानदार पारी के दम पर 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स अभी भी जारी सीजन की प्लेऑफ रेस में बनी हुई है।
मुंबई इंडियंस बनाम दिल्ली कैपिटल्स, WPL 2026 के 13वें मैच का हाल
मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं, तो दिल्ली कैपिटल्स ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर कुल 154 रन बनाए। टाॅप ऑर्डर में सजना सजीवन (9) और हेली मैथ्यूज (12) के फेल होने के बाद नट सीवर ब्रंट ने 65* और हरमनप्रीत कौर ने 41 रनों की पारी खेलकर, टीम को एक अच्छे स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।
दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स की ओर से शानदार गेंदबाजी देखने को मिली। नंदनी शर्मा ने चौथे ओवर में सजना सजीवन को आउट कर विकेट का खाता खोला। तो वहीं, स्पिनर श्री चरणी ने 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा मारिजान काप को 1 विकेट मिला।
इसके बाद, दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस से मिले 155 रनों के टारगेट को 19 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम के सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (29) और लिजेल ली (46) ने पहले विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी कर टीम को एक मजबूत शुरुआत दी।
लाॅरा बुलफार्ट ने 17 रनों का योगदान दिया, तो अंत में जेमिमा रोड्रिग्स (51*) और मारिजान कप (10*) टीम को जीत दिलाकर ही लौंटी। एमआई के लिए अमनजोत कौर और वैश्नवी शर्मा को 1-1 विकेट मिला।







