
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) एक बेहद मजबूत और संतुलित स्क्वॉड के साथ उतर रही है। पिछले सीजन में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लीग स्टेज में पहला स्थान हासिल किया था, लेकिन फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से हारकर ट्रॉफी से चूक गई।
इस बार फ्रेंचाइजी ने अपने कोर खिलाड़ियों को बनाए रखते हुए ऑक्शन में बेहतरीन बैकअप भी जोड़े हैं। हालांकि, टीम की यही गहराई कुछ खिलाड़ियों के लिए चुनौती बन सकती है, जिन्हें पूरे सीजन में सीमित मौके मिल सकते हैं।
1) बेन ड्वार्शियस
ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी लेफ्ट-आर्म तेज गेंदबाज बेन ड्वारशुइस को पंजाब किंग्स ने 4.4 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। वह नई गेंद से स्विंग कराने में माहिर हैं और डेथ ओवर्स में भी उपयोगी साबित हो सकते हैं। इसके अलावा, वह निचले क्रम में तेज रन बनाने की क्षमता भी रखते हैं, जो उन्हें एक परफेक्ट टी20 पैकेज बनाता है।
लेकिन समस्या यह है कि PBKS के पास पहले से ही कई बड़े नाम मौजूद हैं। मार्को जानसेन अपनी ऊंचाई और बाउंस के लिए जाने जाते हैं, जबकि लॉकी फर्ग्यूसन की तेज रफ्तार बल्लेबाजों के लिए खतरनाक होती है।
इसके अलावा जेवियर बार्टलेट और अजमतुल्लाह उमरजई भी ऑलराउंड क्षमता के साथ टीम को बैलेंस देते हैं। ऐसे में ड्वारशुइस के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना आसान नहीं होगा।
2) प्रवीण दुबे
प्रवीण दुबे एक प्रतिभाशाली लेग स्पिनर हैं, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। वह न सिर्फ गेंदबाजी बल्कि बल्लेबाजी से भी योगदान दे सकते हैं। पंजाब किंग्स ने उन्हें दोबारा टीम में शामिल कर उनके अनुभव पर भरोसा जताया है।
लेकिन टीम में पहले से युजवेंद्र चहल जैसे दिग्गज स्पिनर मौजूद हैं, जो आईपीएल इतिहास के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। चहल का अनुभव और विकेट लेने की क्षमता उन्हें हर मैच में प्राथमिकता दिलाती है। ऐसे में दुबे को मौका मिलने के लिए या तो टीम कॉम्बिनेशन बदलना होगा या फिर किसी बड़े खिलाड़ी की अनुपस्थिति का इंतजार करना पड़ेगा।
3) मुशीर खान
मुशीर खान, सरफराज खान के छोटे भाई, भारत के अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 के स्टार खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी शैली आक्रामक और इनोवेटिव है, जिससे वह लंबी पारियां खेलने में सक्षम हैं। घरेलू क्रिकेट में भी उन्होंने अपनी छाप छोड़ी है।
हालांकि, टी20 फॉर्मेट में उनका अनुभव अभी सीमित है और पंजाब किंग्स का बल्लेबाजी क्रम पहले से ही काफी मजबूत और स्थिर है। टीम में कई अनुभवी और फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज मौजूद हैं, जिससे मुशीर के लिए तुरंत प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना मुश्किल हो सकता है। टीम मैनेजमेंट उन्हें धीरे-धीरे मौके देना चाहेगी ताकि वह दबाव में आए बिना खुद को साबित कर सकें।









