T20 सीरीज 2026 के दूसरे मुकाबले में ईशान किशन ने ऐसी धमाकेदार पारी खेली, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ रायपुर में खेले गए इस मैच में किशन ने सिर्फ 32 गेंदों में 76 रन ठोक दिए और भारत को 28 गेंद शेष रहते सात विकेट से शानदार जीत दिलाई। इस पारी के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर और चयनकर्ता कृष्णमाचारी श्रीकांत ने ईशान की जमकर तारीफ की।
श्रीकांत का कहना है कि ईशान किशन ने यह सोचकर बल्लेबाजी नहीं की कि उन्हें टीम में अपनी जगह बचानी है, बल्कि उन्होंने पूरी निडरता के साथ अपना स्वाभाविक खेल दिखाया। भारत के दो विकेट जल्दी गिर जाने के बाद ईशान ने जिम्मेदारी संभाली और कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर मैच को पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।
ईशान की तूफानी पारी से भारत को जीत
श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि ईशान और सूर्यकुमार यादव ऐसे खेल रहे थे, जैसे वे मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल मैच खेल रहे हों। उनके मुताबिक, ईशान की बल्लेबाजी देखने लायक थी।
उन्होंने कहा कि शॉट्स में कोई बेवजह का जोखिम नहीं था, फिर भी उनका स्ट्राइक रेट कमाल का रहा। श्रीकांत ने यह भी कहा कि जब कोई बल्लेबाज इस तरह खेलता है, तो गेंदबाज बेबस हो जाते हैं और कुछ भी नहीं कर पाते।
उन्होंने यह भी बताया कि किस मोड़ पर यह मुकाबला न्यूजीलैंड के हाथ से पूरी तरह निकल गया। श्रीकांत के अनुसार, जब तीसरे ओवर में न्यूजीलैंड ने 24 रन लुटा दिए, तभी मैच लगभग खत्म हो गया था। उन्होंने न्यूजीलैंड की कप्तानी पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले ओवर में विकेट लेने वाले मैट हेनरी को तीसरा ओवर भी दिया जाना चाहिए था। इसे उन्होंने बड़ी कप्तानी गलती बताया।
ईशान किशन की इस पारी में 11 चौके और चार छक्के शामिल थे। वह 10वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए, लेकिन तब तक वह मैच भारत की पकड़ में पूरी तरह दे चुके थे। गौरतलब है कि पहले टी20 मैच में ईशान सिर्फ आठ रन ही बना पाए थे, लेकिन दूसरे मुकाबले में उन्होंने जबरदस्त वापसी की।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए ईशान किशन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। भारत ने इस जीत के साथ पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। अब टीम इंडिया तीसरे टी20 मुकाबले में भी जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी।








