
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक फैसले की वजह से भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को 2 करोड़ रुपए का नुकसान होने की संभावना है। गौरतलब है कि फरवरी में बीसीसीआई ने पुरुष और महिला सीनियर टीम के लिए सेंट्रल काॅन्ट्रैक्ट 2025-26 सीजन की घोषणा की थी।
पुरुष टीम से कुल 30 खिलाड़ियों को सेंट्रल काॅन्ट्रैक्ट मिला। साथ ही बीसीसीआई ने पिछले सीजन तक मौजूद ए प्लस (A+) कैटेगिरी को समाप्त कर दिया और कुल तीन कैटेगिरी में खिलाड़ियों को काॅन्ट्रैक्ट दिया। इन कैटेगिरी में ए, बी और सी कैटेगिरी शामिल हैं।
चूंकि अब ए प्लेस कैटेगिरी खत्म हो गई है, जिसमें जसप्रीत बुमराह मौजूद थे। इस कैटेगिरी में बुमराह को प्रतिवर्ष 7 करोड़ रुपए का भुगतान होता था। लेकिन ए कैटेगिरी में शामिल खिलाड़ियों को 5 करोड़ रुपए प्रतिवर्ष वेतन के रूप में मिलते हैं, जो अब मौजूदा काॅन्ट्रैक्ट की टाॅप कैटेगिरी है।
इस वजह से बुमराह को 2 करोड़ रुपए का नुकसान होने की संभावना है। हालांकि, बीसीसीआई ने अभी तक आधिकारिक रूप से इस बात की जानकारी नहीं दी है कि तीन कैटेगिरी में शामिल खिलाड़ियों को वेतन के रूप में कितना पैसा मिलेगा?
इस सीजन से पहले बुमराह के साथ ए प्लस कैटेगिरी में रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा मौजूद थे। लेकिन कोहली और रोहित दो फाॅर्मेट से रिटायर हो चुके हैं, जबकि जडेजा ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है।
ऐसे में अगर इन तीन खिलाड़ियों का कैटेगिरी में डिमोशन होना, तो समझ में आता है, लेकिन बुमराह का डिमोशन होना समझ से परे है। क्योंकि इस समय वह भारत के सबसे बड़े मैच विनर हैं और टीम इंडिया के लिए तीनों फाॅर्मेट खेलते हैं।
बीसीसीआई सोर्स ने दी जानकारी
उक्त मामले को लेकर बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने टाइम्स ऑफ इंडिया के हवाले से कहा- “बोर्ड बुमराह को मुआवजा देने के तरीकों पर विचार कर रहा है। यह समझना स्वाभाविक है कि उनकी फीस 7 करोड़ रुपये से घटाकर 5 करोड़ रुपये करना अनुचित होगा। कुछ अन्य खिलाड़ी भी हैं जो अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद निचले स्तर पर चले गए हैं। अनुबंधों के मूल्यांकन में संशोधन हो सकता है।”









