
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर व टी20 वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ी इरफान पठान ने हाल में ही भारतीय क्रिकेट टीम मैनेजमेंट से गुजारिश की है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी20आई सीरीज में श्रेयस अय्यर को नंबर तीन पर बल्लेबाजी करवानी चाहिए।
गौरतलब है कि श्रेयस अय्यर को इस सीरीज के लिए चोटिल तिलक वर्मा के रिप्लेसमेंट के तौर पर भारतीय टीम में जगह मिली है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह पांच मैचों की सीरीज 21 जनवरी से नागुपर से शुरू होगी।
इरफान पठान ने दिया बड़ा सुझाव
राॅबिन उथप्पा के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए इरफान पठान ने कहा- श्रेयस को नंबर तीन पर खिलाना बिल्कुल सही रहेगा। उनमें स्पिन खेलने की बेहतरीन क्षमता है। वे बड़े-बड़े शॉट लगा सकते हैं और गेंद को बहुत अच्छे से घुमा भी सकते हैं। पिछले आईपीएल में जिन्होंने भी उन्हें देखा, उन्होंने पाया कि वे तेज गेंदबाजों का शानदार तरीके से सामना कर रहे थे। अगर उन्हें टीम में जगह दी जाए और उनकी फॉर्म को देखें, तो वे आकर अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
इरफान ने आगे कहा- इस सीरीज में उनका असफल होना बहुत ही दुर्लभ होगा, क्योंकि उनकी प्रतिभा बेमिसाल है। अगर उन्हें मौका मिला, तो वे अच्छा प्रदर्शन करेंगे। तिलक के टीम में शामिल होने के बाद भी, कहीं न कहीं आपको उनके लिए टीम में जगह बनानी चाहिए, क्योंकि वे उस तरह के खिलाड़ी हैं जिनकी आपको जरूरत होगी।
खैर, देखने लायक बात होगी कि श्रेयस न्यूजीलैंड टी20 सीरीज में किस नंबर पर खेलते हुए नजर आते हैं? हालांकि, इस समय भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी वनडे सीरीज का तीसरा मैच खेला जा रहा है। इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में जो भी टीम जीत हासिल करेगी, वह वनडे सीरीज को भी 2-1 से अपने नाम कर लेगी। भारत ने मैच में टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है।









