
आईपीएल के 18वें सीजन का आगाज 22 मार्च से होने वाला है। 10 टीमों के बीच कुल 70 लीग मैच खेले जाएंगे, जिसके बाद नॉकआउट मुकाबले और फिर 25 मई को ईडन गार्डन में फाइनल खेला जाएगा। आईपीएल के इतिहास में अब तक बल्लेबाजी में एक से बढ़कर एक बड़े रिकॉर्ड देखने को मिले हैं। टी20 फॉर्मेट में शतक लगाना कोई आसान काम नहीं है, लेकिन कई बल्लेबाजों ने इसे अपने चुटकियों का खेल बना दिया।
इस ऑर्टिकल के जरिए हम आपको आईपीएल इतिहास में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों के बारे में बताने वाले हैं। बता दें, इस लिस्ट में केवल एक भारतीय बल्लेबाज हैं और बाकी सभी चार विदेशी खिलाड़ी हैं।
क्रिस गेल के नाम है एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड
यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल के नाम आईपीएल इतिहास में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने यह कारनामा 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए किया था। उन्होंने 66 गेंदों में 265.15 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 175 रन ठोके थे।
लिस्ट में दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज ब्रैंडन मैकुलम है, जिन्होंने 2008 में रॉयल चैलैंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 73 गेंदों में नाबाद 158 रन ठोके थे। बता दें, यह आईपीएल लीग के पहले संस्करण का पहला मैच था। लिस्ट में तीसरे नंबर पर क्विंटन डी कॉक है, जिन्होंने 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए 70 गेंदों में 140 रन की नाबाद पारी खेली थी।
लिस्ट में चौथे नंबर पर आरसीबी के पूर्व खिलाड़ी एबी डिविलयर्स हैं, जिन्होंने 2015 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 59 गेंदों में नाबाद 133 रन ठोके थे। वहीं, पांचवें नंबर पर केएल राहुल हैं, जिन्होंने पंजाब किंग्स के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 69 गेंदों में नाबाद 132 रन बनाए थे।
आईपीएल इतिहास में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर
खिलाड़ी | रन | गेंदों | खिलाफ | 6/4 | स्ट्राइक रेट |
क्रिस गेल (2013 में) | 175* | 66 | पुणे वॉरियर्स | 17/13 | 265.15 |
ब्रेंडन मैकुलम (2008 में) | 158* | 73 | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 13/10 | 216.43 |
क्विंटन डी कॉक (2022 में) | 140* | 70 | कोलकाता नाइट राइडर्स | 10/10 | 200 |
एबी डिविलियर्स (2015 में) | 133* | 59 | मुंबई इंडियंस | 4/19 | 225.42 |
केएल राहुल (2020 में) | 132* | 69 | रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 7/14 | 191.3 |