
आगामी आईपीएल सीजन के शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व बल्लेबाज मुरली विजय, पंजाब किंग्स के युवा सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या की जमकर तारीफ करते हुए नजर आए हैं। विजय ने बड़ा बयान देते हुआ कहा है कि खिलाड़ी में वो सारे गुण मौजूद हैं, जो उन्हें हर फाॅर्मेट का खिलाड़ी बनाती हैं।
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 इस बार 28 मार्च से शुरू हो रहा है। तो वहीं, इस सीजन में एक बार फिर प्रियांश आर्या पिछले सीजन जैसा धमाकेदार प्रदर्शन करने की कोशिश करते हुए नजर आएंगे। बता दें पिछले सीजन आर्या ने 42 गेंदों में 103 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी सीएसके के खिलाफ खेली और दो अर्धशतक लगाते हुए टीम को 12 साल बाद फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
मुरली विजय ने दिया बड़ा बयान
हाल में ही मुरली विजय ने स्टार स्पोर्ट्स के हवाले से कहा- प्रियांश आर्या एक बेहद दिलचस्प व्यक्तित्व वाले खिलाड़ी हैं, जिनकी टाइमिंग कमाल की है। उनमें एक महान खिलाड़ी बनने के सारे गुण मौजूद हैं। 7 से 15 ओवरों के बीच स्पिनरों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करने की क्षमता बहुत महत्वपूर्ण है।
टी20 में यह सबसे मुश्किल दौर होता है, लेकिन प्रियांश आर्या बाएं हाथ के बल्लेबाज के तौर पर हर तरफ शॉट लगाने की क्षमता के साथ इसे बखूबी निभाते हैं। मेरा मानना है कि वह कई स्तरों पर खेलेंगे और उनमें हर फॉर्मेट में खेलने की क्षमता है।
विजय ने आगे कहा- उसकी बुनियादी बातें बहुत मजबूत हैं और उसका संतुलन बेजोड़ है, यही वजह है कि वह विकेट के दोनों किनारों पर आसानी से खेल पाता है। इससे उसे गेंदबाजों की अच्छी गेंदों को मैदान के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचाने में मदद मिलती है। जैसे-जैसे वह और मैच खेलेगा, उसकी प्रतिभा और खूबियां और भी निखर कर सामने आएंगी। ऐसे खिलाड़ियों के प्रति कठोर रवैया अपनाना जरूरी नहीं है।









