
आईपीएल 2026 के जारी धमाकेदार सीजन में अब 7वां मैच पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच होने वाला है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 3 अप्रैल, शुक्रवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित होगा।
मुकाबले में पंजाब किंग्स का पलड़ा होम टीम पर थोड़ा भारी नजर आ रहा है, क्योंकि पिछले मैच में पंजाब को जीत और चेन्नई को हार का सामना करना पड़ा है। तो वहीं, आईपीएल में अगर हेड टू हेड की बात करें, तो दोनों ही टीमों ने एक दूसरे के खिलाफ 16-16 जीत हासिल की है।
हालांकि, पिछले 8 मैचों में से 7 में पंजाब किंग्स ने जीत हासिल की है। खैर, इस मुकाबले में क्रिकेट फैंस की निगाहें इन 3 खिलाड़ियों पर रहने वाली हैं:
1. संजू सैमसन (सीएसके)
मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ऐसे पहले खिलाड़ी होंगे, जिनपर फैंस की नजर होगी। हालांकि, राजस्थान राॅयल्स से ट्रेड होने के बाद, वह अपने पहले मैच में प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। साथ ही पहले मैच के बाद सीएसके की बल्लेबाजी कमजोर दिख रही है (127 रन पर ऑलआउट) ऐसे में टीम को टाॅप ऑर्डर में उनकी क्लास पारी की सख्त जरूरत है।
2. कूपर काॅनली (पंजाब किंग्स)
ऑस्ट्रेलिया का यह युवा ऑलराउंडर 2026 सीजन की शुरुआत में उभरता हुआ सितारा है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ पीबीकेएस की शुरुआती जीत में उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया था। इस मुकाबले में कॉनली ने अपने डेब्यू मैच में 44 गेंदों में 72* रन बनाए, जिससे साबित हुआ कि वे दबाव में प्रदर्श करने में सक्षम हैं।
बाएं हाथ के बल्लेबाज और स्पिन गेंदबाजी के एक उपयोगी विकल्प के रूप में, वे पीबीकेएस को शानदार संतुलन प्रदान करते हैं। चेपॉक स्टेडियम में होने वाले इस मैच में वह ऐसे दूसरे खिलाड़ी होंगे, जिनपर फैंस की नजर होगी।
3. नूर अहमद (सीएसके)
चेन्नई में खेले जा रहे इस मैच में अफगानिस्तान के “चाइनामैन” गेंदबाज नूर अहमद सीएसके का मुख्य हथियार हैं। वह इस मुकाबले के ऐसे तीसरे खिलाड़ी होंगे, जिनपर फैंस की निगाहें होंगी। आईपीएल में पंजाब को उच्च गुणवत्ता वाली रिस्ट स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ ऐतिहासिक रूप से संघर्ष करना पड़ा है।
ऐसे में मिडिल ओवरों में नूर की भूमिका और ज्यादा महत्वपूर्ण होने वाली है। अगर नूर को पिच से हल्की भी मदद मिली, तो वह पंजाब किंग्स के बल्लेबाजी क्रम के लिए घातक साबित हो सकते हैं।








