
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की टीम 10 फरवरी को कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में अमेरिका से भिड़ने वाली है। इस मुकाबले से पहले क्रिकेट प्रेमियों को उस मैच की याद आ रही है, जब अमेरिका ने पाकिस्तान को हराकर पूरी दुनिया को चौंका दिया था। यह ऐतिहासिक मुकाबला आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2024 के दौरान खेला गया था।
यह मैच अमेरिका के डलास स्थित ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम में हुआ था। टॉस जीतकर USA ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए। कप्तान बाबर आजम ने संभलकर खेलते हुए 43 गेंदों में 44 रन बनाए। शादाब खान ने तेज 25 गेंदों में 40 रन जोड़कर टीम को रफ्तार दी। अंत में शाहीन अफरीदी ने 16 गेंदों पर नाबाद 23 रन बनाकर स्कोर को मजबूत बनाया।
सुपर ओवर में USA ने रचा इतिहास
अमेरिका की ओर से नॉस्थुश केनजीगे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 30 रन देकर 3 विकेट झटके। सौरभ नेत्रवलकर ने 18 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि अली खान और जसदीप सिंह को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए USA ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 3 विकेट पर 159 रन बनाकर मैच को सुपर ओवर में पहुंचा दिया। कप्तान मोनांक पटेल ने 38 गेंदों पर 50 रन की संयमित पारी खेली। एंड्रीज गूस और आरोन जोन्स ने भी अहम योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद आमिर, नसीम शाह और हारिस रऊफ को एक-एक विकेट मिला।
सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए अमेरिका ने 6 गेंदों में 18 रन बनाए। आरोन जोन्स ने आक्रामक शुरुआत की, जबकि आमिर की वाइड गेंदों ने पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ा दीं।
19 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम सिर्फ 13 रन ही बना सकी। इफ्तिखार अहमद और शादाब खान की कोशिश नाकाम रही और सौरभ नेत्रवलकर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अमेरिका को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
यह पाकिस्तान की किसी नॉन-फुल मेंबर टीम के खिलाफ पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय हार थी। अब 2026 में दोनों टीमें फिर आमने-सामने होंगी और पाकिस्तान इस हार का बदला लेना चाहेगा।









