
जारी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। बता दें कि टीम के वनडे कप्तान व ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल इंजरी के कारण टी20 वर्ल्ड कप के 10वें सीजन से बाहर हो गए हैं। 34 वर्षीय अनुभवी खिलाड़ी को पिंडली में समस्या हुई थी, जिसके बाद स्कैन रिपोर्ट्स आने के बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।
वह इस चोट से पिछले महीने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे मुकाबले के बाद से रिकवर हो रहे थे। लेकिन अब रविवार को अफगानिस्तान के खिलाफ मैच से पहले वह 20 देशों के बीच खेले जा रहे टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
ब्रेसवेल की चोट पर कोच राॅब वाॅल्टर की प्रतिक्रिया
दूसरी ओर, माइकल ब्रेसवेल की चोट को लेकर न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के हेड कोच राॅब वाॅल्टर ने क्रिकबज के हवाले से कहा- “हम सभी माइकल के लिए बहुत दुखी हैं। विश्व कप से बाहर होना वाकई बहुत मुश्किल है और मैं जानता हूं कि न्यूजीलैंड के लिए खेलना उनके लिए कितना मायने रखता है। माइकल ने खुद को मौका दिलाने के लिए बहुत मेहनत की, लेकिन दुर्भाग्य से उन्हें यह झटका लगा है। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”
खैर, अभी तक न्यूजीलैंड ने ब्रेसवेल के रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप में ट्रैवलिंग रिजर्व के तौर पर आए कोल मैकाॅन्ची (Cole McConchie) उन्हें रिप्लेस करने की रेस में सबसे आगे नजर आ रहे हैं।
145 टी20 मैच खेल चुके मैकॉन्ची, घरेलू सीजन में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम में शामिल हुए हैं। उन्होंने कैंटरबरी किंग्स के लिए 7.71 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज का खिताब हासिल किया।
मैकॉन्ची को लेकर वाॅल्टर ने कहा कि टूर्नामेंट के माहौल में मैककॉन्ची का अनुभव बेहद महत्वपूर्ण होगा। न्यूजीलैंड ग्रुप डी का अपना तीसरा मैच शनिवार, 14 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा।









