
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए चैंपियंस ट्राॅफी 2025 के फाइनल में, भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की अगुवाई में न्यूजीलैंड को हरा दिया है। भारतीय क्रिकेट टीम ने फाइनल मैच को 4 विकेट से अपने नाम किया, और कुल तीसरी बार चैंपियंस ट्राॅफी खिताब को अपने नाम कर लिया। यह भारत का ओवरऑल कुल 7वां आईसीसी टाइटल है।
न्यूजीलैंड से मिले 252 रनों के टारगेट को भारतीय क्रिकेट टीम ने 49 ओवर में 6 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। टीम इंडिया ने लिए रोहित शर्मा ने 76 रनों की मैच विनिंग पारी खेली, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच (POTM) के अवाॅर्ड से नवाजा गया।
दूसरी ओर, इस टूर्नामेंट को रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में जितवाकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। बतौर कप्तान चैंपियंस ट्राॅफी जीत के साथ ही रोहित शर्मा ने कई बड़े और प्रमुख क्रिकेट रिकाॅर्ड को अपने नाम कर लिया है। बता दें कि यह रोहित का बतौर कप्तान दूसरा आईसीसी टाइटल है। रोहित की कप्तानी में चैंपियंस ट्राॅफी 2025 को अपने नाम करने से पहले, भारत ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 को भी अपने नाम किया था।
इसके साथ ही रोहित ने अब भारत की ओर से बतौर कप्तान सबसे ज्यादा आईसीसी टाइटल जीतने के मामले में पूर्व कप्तान कपिल देव और सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 1-1 बार आईसीसी टाइटल को अपने नाम किया है।
कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा आईसीसी टाइटल जीतने वाले खिलाड़ी
3 – एमएस धोनी (2007 T20 WC, ODI WC 2011 & CT 2013)
2 – रोहित शर्मा (2024 T20 WC & CT 2025)
1 – कपिल देव (1983 ODI WC)
1 – सौरव गांगुली (2002 CT)
दूसरी ओर, इस जीत के साथ भारत सबसे ज्यादा बार आईसीसी चैंपियंस ट्राॅफी जीतने वाली पहली टीम बन गई है। भारत ने कुल तीन बार (2002, 2013 और 2025) इस खिताब को अपने नाम किया है। 2002 में टीम इंडिया श्रीलंका के साथ संयुक्त तौर पर विजेता हुई थी।
सबसे ज्यादा बार आईसीसी चैंपियंस ट्राॅफी जीतने वाली टीमें
3 – भारत (2002, 2013, 2025)
2 – ऑस्ट्रेलिया (2006, 2009)
1 – साउथ अफ्रीका (1998)
1 – न्यूजीलैंड (2000)
1 – श्रीलंका (2002)
1 – वेस्टइंडीज (2004)
1 – पाकिस्तान (2017)