पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से पहले संजू सैमसन को लेकर अपनी राय बेबाक अंदाज में रखी है। यह सीरीज 21 जनवरी से नागपुर में शुरू हो रही है। इरफान का मानना है कि संजू सैमसन में टैलेंट और आक्रामकता की कोई कमी नहीं है, लेकिन उनकी सबसे बड़ी समस्या निरंतरता (कंसिस्टेंसी) रही है।
इंफान पठान ने कहा कि जब संजू सैमसन लय में होते हैं तो वह किसी भी गेंदबाज की धज्जियां उड़ा सकते हैं। वह बड़े शॉट खेलने में माहिर हैं और कभी-कभी अचानक शतक भी जड़ देते हैं। लेकिन समस्या यह है कि वह इस फॉर्म को लंबे समय तक बनाए नहीं रख पाते।
एक अच्छी पारी के बाद कई मैचों तक उनका बल्ला खामोश रहता है। इरफान के अनुसार, यही वजह है कि टीम मैनेजमेंट और फैंस के लिए उन पर भरोसा बनाए रखना मुश्किल हो जाता है।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए इरफान ने कहा कि संजू सैमसन कभी भी लगातार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी नहीं रहे हैं। वह विस्फोटक हैं, लेकिन भरोसेमंद नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि यह समस्या जल्द ही पूरी तरह खत्म होगी। इरफान के मुताबिक, खिलाड़ी पर टीम मैनेजमेंट, फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स की उम्मीदों का भी दबाव होता है, जो उसके प्रदर्शन को प्रभावित करता है।
वर्ल्ड कप से पहले बुमराह को पूरे पांचों टी20 खिलाने के पक्ष में इरफान पठान
इसके अलावा इरफान पठान ने जसप्रीत बुमराह को लेकर भी अहम बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि बुमराह को इस सीरीज के सभी पांच मैच खेलने चाहिए। इरफान का मानना है कि अब बुमराह को आराम देने या मैच चुनकर खिलाने की जरूरत नहीं है। विश्व कप से पहले उन्हें लगातार मैच खेलकर अपनी लय हासिल करनी चाहिए।
इंफान ने कहा कि किसी भी गेंदबाज को ब्रेक के बाद अपनी बेस्ट फॉर्म में आने में समय लगता है। अगर बुमराह एक-दो मैच खेलकर फिर बाहर बैठेंगे, तो यह सही नहीं होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम मैनेजमेंट बुमराह को पूरे मौके देगा।
गौरतलब है कि हाल ही में भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। अब भारतीय टीम टी20 सीरीज में जीत दर्ज कर बदला लेना चाहेगी। इसके बाद भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप में भारत डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरेगा।








