
WPL 2026 Final, RCB W vs DC W: महिला प्रीमियर लीग के जारी चौथे सीजन का फाइनल मैच 5 फरवरी, गुरूवार को राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और दिल्ली कैपिटल्स की महिला टीमों के बीच खेला गया। बता दें कि इस मुकाबले में आरसीबी ने रिकाॅर्ड रन चेज करते हुए 6 विकेट से जीत हासिल कर, दूसरी बार डब्ल्यूपीएल खिताब को अपने नाम कर किया।
टाॅस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 204 रनों का विशाल लक्ष्य, आरसीबी के सामने जीत के लिए रखा, जिसे आरसीबी ने 19.4 ओवरों में 4 विकेट खोकर रोमांचक तरीके से हासिल कर लिया। आरसीबी के लिए स्मृति मंधाना ने 41 गेंदों में 87 रनों की मैच विनिंग कप्तानी पारी खेली।
आरसीबी बनाम डीसी, WPL 2026 फाइनल मैच का हाल
वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी ने टाॅस जीतकर दिल्ली कैपिटल्स को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। इसके बाद डीसी ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर कुल 203 रन बनाए। इससे पहले कैपिटल्स के लिए शेफाली वर्मा (20) और लिजेल ली (37) ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े।
इसके अलावा जेमिमा रोड्रिग्स ने 37 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 57 रनों की कप्तानी पारी खेली। तो वहीं, अंत में लाॅरा बुलफार्ट 25 गेंदों में 44* और शिनेल हेनरी ने 15 गेंदों में 35* रनों की पारी खेलकर, टीम का स्कोर 200 के पार लगाया। दूसरी ओर, गेंदबाजी में आरसीबी के लिए सायली सतघरे, अरुंधती रेड्डी और नडिन डि क्लर्क को 1-1 विकेट मिला।
इसके बाद, जब आरसीबी दिल्ली कैपिटल्स से मिली तो उसने इस टारगेट को 19.4 ओवरों में 6 विकेट रहते हासिल कर लिया। ग्रेस हैरिस (9) के जल्दी आउट होने के बाद, दूसरे विकेट के लिए स्मृति मंधाना (87) और जाॅर्जिया वाॅल (79) की 165 रनों की साझेदारी ने मैच में आरसीबी को आगे कर दिया। आखिरी ओवर में आरसीबी को जीत के लिए 10 रनों की जरूरत थी, इस समय स्ट्राइक पर मौजूद राधा यादव ने दो लगातार गेंदों पर चौका लगाते हुए टीम को एक शानदार जीत दिलाई।









