
राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) टीम के पूर्व मालिक विजय माल्या ने महिला प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल में, आरसीबी वूमेन की दूसरी खिताबी जीत के बाद प्रतिक्रिया दी है। बता दें कि डब्ल्यूपीएल के चौथे सीजन का फाइनल कल 5 फरवरी को आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स के बीच वडोदरा के कोटांबी स्थित बीसीए स्टेडियम में खेला गया।
फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने महिला प्रीमियर लीग इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज करते हुए 6 विकेट से ऐतिहासिक जीत हासिल की और दूसरी बार टूर्नामेंट को अपने नाम किया। तो वहीं, इस जीत के बाद फ्रेंचाइजी को बधाई देने का क्रम शुरू हुआ, जिसमें ताजा नाम विजय माल्या का जुड़ गया है।
विजय माल्या ने दिया रिएक्शन
आरसीबी की जीत पर विजय माल्या ने सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म एक्स पर लिखा- “आरसीबी महिला डब्ल्यूपीएल टीम को हार्दिक बधाई। लगातार दो चैंपियनशिप जीतीं। यह जीत पूरी तरह से हकदार थी और शानदार जीत थी। आरसीबी पुरुष टीम को भी ट्रॉफी बरकरार रखने के लिए प्रेरणा मिली है।”
दिल्ली कैपिटल्स ने गंवाया लगातार चौथा फाइनल
दूसरी ओर, फाइनल मैच का हाल बताएं, तो दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स (57) रनों की शानदार पारी के मद पर 204 रनों का बड़ा स्कोर आरसीबी के सामने जीत के लिए रखा। बता दें कि यह स्कोर अब तक खेले गए महिला प्रीमियर लीग के सभी फाइनल मैचों में सबसे बड़ा स्कोर था।
लेकिन आरसीबी ने इस टारगेट को कप्तान स्मृति मंधाना (87) और जाॅर्जिया वाॅल (79) की शानदार पारियों के दम पर 19.4 ओवरों में 4 विकेट खोकर हासिल किया और दूसरी बार डब्ल्यूपीएल खिताब को अपने नाम किया। इसके साथ ही दिल्ली कैपिटल्स अब महिला फ्रेंचाइजी क्रिकेट में ब्रिसबेन हीट के बाद लगातार चार फाइनल हारने वाली दूसरी टीम बन गई है।
साथ ही डब्ल्यूपीएल इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार चार फाइनल में जगह बनाई, लेकिन एक बार भी वह खिताबी जीत हासिल नहीं कर पाई।









