11 फरवरी, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

फरवरी 11, 2026

Spread the love
Morning News Headlines (Image Credit- Twitter X)

1. क्रिस लिन ने चुनी अपनी ऑलटाइम फेवरेट टी20 XI, लेकिन रोहित-विराट को नहीं दी जगह

ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक ओपनर क्रिस लिन ने हाल ही में CricTracker के साथ एक एक्सक्लूसिव बातचीत में अपनी ऑल-टाइम टी20 प्लेइंग इलेवन चुनी, जिसमें उन्होंने कुछ चौंकाने वाले फैसले लिए। सबसे बड़ा फैसला भारतीय दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली को टीम से बाहर रखना रहा, जिसने क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा छेड़ दी।

क्रिस लिन की ऑलटाइम फेवरेट टी20 XI: क्रिस गेल, डेविड वार्नर, ब्रेंडन मैकुलम, एबी डीविलियर्स, कीरोन पोलार्ड, ड्वेन ब्रावो, एमएस धोनी, राशिद खान, जसप्रीत बुमराह, लसिथ मलिंगा, मिशेल स्टार्क

12वां खिलाड़ी: शेन वार्न/एंड्रयू साइमंड्स

2. T20 World Cup 2026: नामीबिया के खिलाफ भारत की प्लेइंग XI में बदलाव के संकेत, सुंदर को लेकर सस्पेंस

भारत के पूर्व क्रिकेटर और बल्लेबाजी कोच संजय बांगर का मानना है कि वॉशिंगटन सुंदर पूरी तरह फिट होने के बावजूद नामीबिया के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं होंगे। यह मुकाबला 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है। बांगर के अनुसार, टीम मैनेजमेंट फिलहाल अपने मौजूदा संयोजन के साथ ही आगे बढ़ना चाहेगा।

भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ 29 रन की जीत के साथ की थी। इस मैच में जसप्रीत बुमराह नहीं खेले थे, लेकिन इसके बावजूद टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया। अब बांगर का मानना है कि नामीबिया के खिलाफ बुमराह की वापसी तय है और उनकी जगह मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ सकता है, भले ही वह अच्छी फॉर्म में हों।

3. T20 WC 2026: पाकिस्तान ने यूएसए से लिया पिछली हार का बदला, जारी टी20 वर्ल्ड कप में 32 रनों से हराया

जारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 12वां मैच आज 10 फरवरी, मंगलवार को पाकिस्तान और यूएसए के बीच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला गया। बता दें कि इस मुकाबले में पाकिस्तान ने शानदार खेल दिखाते हुए यूएसए के खिलाफ 32 रनों से जीत हासिल करते हुए, पिछले टी20 वर्ल्ड कप में मिली ऐतिहासिक हार का बदला ले लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 191 रनों का लक्ष्य, यूएसए के सामने जीत के लिए रखा। लेकिन जब यूएसए पाकिस्तान से मिले इस टारगेट का पीछा करने उतरी, तो वह 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर कुल 158 रन ही बना पाई।

4. सचिन तेंदुलकर ने की पीएम मोदी से मुलाकात, अर्जुन और सानिया की शादी के लिए प्रधानमंत्री को दिया निमंत्रण

पूर्व भारतीय कप्तान व क्रिकेट खेल के भगवान कहे जाने वाले महान सचिन तेंदुलकर, हाल में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करते हुए नजर आए हैं। इस मुलाकात की फोटो को तेंदुलकर ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर शेयर किया और जानकारी दी कि उन्होंने अपने बेटे अर्जुन और मुंबई के कारोबारी रवि घई की पोती सानिया चंदोक की शादी के लिए पीएम मोदी को आमंत्रित किया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अर्जुन तेंदुलकर अपनी मंगेतर सानिया से इस साल 5 मार्च को शादी करने जा रहे हैं। दोनों परिवारों ने सगाई को लेकर चुप्पी साध रखी थी, जिससे शादी समारोह को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगने लगी थीं।

5. T20 WC 2026: स्टार्क-कमिंस-हेजलवुड के ना होने के बाद भी मिचेल मार्श ने मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई टीम पर जताया भरोसा

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया की टीम इस बार अपने सबसे मशहूर तेज गेंदबाजी तिकड़ी के बिना उतर रही है। पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड जैसे अनुभवी गेंदबाज इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं हैं। इसके बावजूद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श को अपनी टीम और खासकर गेंदबाजी आक्रमण पर पूरा भरोसा है।

स्टार्क ने पिछले साल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, जबकि कमिंस और हेजलवुड फिटनेस की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। कमिंस ने रेड-बॉल क्रिकेट को प्राथमिकता देने का फैसला किया, ताकि अपने शरीर को लंबे फॉर्मेट के लिए सुरक्षित रख सकें।

6. IPL 2026: बड़ी खबर, आगामी सीजन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने इयान बेल को सहायक कोच नियुक्त किया

आईपीएल 2026 के आगामी सीजन के शुरू होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स टीम ने सपोर्ट स्टाफ दल में बड़ा बदलाव करते हुए, पूर्व इंग्लिश क्रिकेटर इयान बेल को टीम का सहायक कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने कैपिटल्स टीम में इयान बेल की नियुक्ति की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दी। डीसी ने एक्स पोस्ट में लिखा- इंग्लैंड के महान खिलाड़ी अब दिल्ली में बस गए हैं, घर वापसी पर आपका स्वागत है, इयान बेल

7. ’14 साल में ऐसा खेल कभी नहीं देखा’ वैभव सूर्यवंशी की तारीफ में बोले जोस बटलर

इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर भारतीय अंडर-19 वर्ल्ड कप स्टार वैभव सूर्यवंशी के खेल से पूरी तरह प्रभावित नजर आए। 14 साल की उम्र में वैभव ने जो प्रदर्शन किया, उसे देखकर बटलर ने उन्हें अब तक का सबसे बेहतरीन खिलाड़ी बताया। यह बयान उन्होंने आईपीएल 2026 से पहले दिया, जो मार्च के आखिरी हफ्ते में शुरू होने वाला है।

जोस बटलर ने फोर द लव क्रिकेट पाॅडकास्ट पर बताया कि उन्होंने यह फाइनल टीवी पर देखा और हर शॉट देखकर दंग रह गए। उनका कहना था कि ये साधारण शॉट नहीं थे, बल्कि ऐसे शॉट थे जो शायद ही किसी ने देखे हों। बटलर ने आगे कहा कि 14 साल की उम्र में ऐसा खेलना अविश्वसनीय है और यह सोचना ही रोमांचक है कि अगर वह इतनी कम उम्र में यह कर सकता है, तो 16, 18 या 20 साल की उम्र में वह क्या कर सकता है।

8. T20 World Cup 2026: सह-मेजबान श्रीलंका के लिए बुरी खबर, वानिंदु हसरंगा हुए टूर्नामेंट से बाहर

जारी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच सह-मेजबान श्रीलंका क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। बता दें कि इंजरी के कारण टीम के अनुभवी स्पिन गेंदबाज वानिंदु हसरंगा, पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। अनुभवी गेंदबाज ने श्रीलंका के लिए टी20 वर्ल्ड कप के 10वें सीजन में सिर्फ 1 ही मैच खेला था। इस मुकाबले में पूर्व श्रीलंकाई कप्तान ने आयरलैंड के खिलाफ आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में खेले गए मुकाबले में चार ओवरों में 25 रन खर्च करते हुए 3 विकेट हासिल किए। हालांकि, जारी टूर्नामेंट में हसरंगा का साथ लंकाई टीम के लिए सिर्फ यहीं तक था। यह 2014 सीजन की चैंपियन श्रीलंका के लिए अच्छी खबर नहीं है।

9. सचिन तेंदुलकर ने U19 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान आयुष म्हात्रे को दी खास टेस्ट जर्सी

भारत की अंडर-19 टीम को वर्ल्ड कप 2026 जिताने वाले कप्तान आयुष म्हात्रे के लिए मुंबई लौटने के बाद एक ऐसा पल आया, जिसे वह जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगे। भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने उन्हें एक बेहद खास और भावुक तोहफा दिया। जिम्बाब्वे में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड को हराकर भारत ने अपना छठा खिताब जीता था, और इसी ऐतिहासिक जीत के बाद आयुष की मुलाकात पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर से हुई।

सचिन ने आयुष को अपनी टेस्ट जर्सी भेंट की, जो उन्होंने अपने आखिरी टेस्ट सीरीज के दौरान पहनी थी। इस तोहफे की खास बात सिर्फ जर्सी नहीं थी, बल्कि उसके पीछे छिपा भाव और संदेश था। सचिन ने यह जर्सी आयुष को प्रेरणा के रूप में दी, ताकि वह आगे के सफर में मेहनत, फोकस और अनुशासन बनाए रखें। इसके साथ ही उन्होंने एक हाथ से लिखा हुआ संदेश भी दिया, जिसमें आयुष को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

10. सौरव गांगुली की बड़ी भविष्यवाणी, बताया कौन जीतेगा भारत बनाम पाक टी20 वर्ल्ड कप मैच

भारत बनाम पाकिस्तान हाई-वोल्टेज मैच लेकर सौरव गांगुली ने हाल में ही एनडीटीवी के हवाले से कहा- यह टी20 वर्ल्ड कप का एक बड़ा मैच होगा। मैच 15 फरवरी को है, पाकिस्तान के लिए भारत को हराना आसान नहीं होगा। भारत एक बहुत अच्छी टीम है। पूर्व बीसीसीआई चीफ सौरव गांगुली ने आगे कहा- “वर्ल्ड कप से बाहर होने का क्या मतलब? वैसे भी उन्हें श्रीलंका में खेलना है। पाकिस्तान के फैसले पलटने से मैं हैरान हूं। वर्ल्ड कप में हर अंक महत्वपूर्ण होता है।”

MCW Sports Subscribe
बुंडेसलिगा इंटरनेशनल एशिया में मेगा कैसीनो वर्ल्ड के साथ एक रीजनल साझेदारी पर सहमत है
मेगा कैसीनो वर्ल्ड ने एनरिक नॉर्टजे को अपना नया ब्रांड एंबेसडर घोषित किया है