
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने जारी आईसीसी मैन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले बड़ा बयान दिया है। बता दें कि सोमवार को पाकिस्तान सरकार से ग्रीन सिग्नल मिलने के बाद, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने के लिए सहमत हो गया है, जिसका उन्होंने बायकाॅट करने का फैसला किया था।
तो वहीं, अब भारत और पाकिस्तान के बीच यह मैच तय कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी, रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरी ओर, इस मैच के शुरू होने से पहले पाकिस्तानी ओपनर ने कहा कि वह इस मुकाबले में भारत के खिलाफ आक्रामक क्रिकेट खेलने वाले हैं।
साहिबजादा फरहान ने दिया बड़ा बयान
यूएसए के खिलाफ 32 रनों से मैच जीतने के बाद, फरहान ने पोस्ट मैच के दौरान कहा- “हम उसी माइंडसेट के साथ मैदान में उतरेंगे, जैसा हमने एशिया कप सहित भारत के खिलाफ अपने पिछले मैचों में अपनाया था। हम पाॅजिटिव रहने और आक्रामक क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे।”
फरहान ने आगे कहा- “कल हमने जिस तरह से प्रैक्टिस की, नेट में गेंद मेरे बल्ले पर अच्छी तरह से आ रही थी। मैंने अपने बल्लेबाजी कोच हनीफ मलिक से कहा कि मुझे अच्छा महसूस हो रहा है। मैं आत्मविश्वास से भरा हुआ था। मैंने तो यह भी कहा था कि मैं मैच को इस तरह से समाप्त करूंगा कि मुझे प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिले। मैंने अपने लिए एक व्यक्तिगत लक्ष्य निर्धारित किया है कि इस विश्व कप में कम से कम दो से तीन प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार जीतूं।”
खैर, फरहान की यह बात उनकी बल्लेबाजी में भी झलक रही है। यूएसए के खिलाफ दूसरे मुकाबले में उन्होंने पाकिस्तान के लिए 41 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेली। इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवाॅर्ड भी दिया गया। देखने लायक बात होगी कि 15 फरवरी को फरहान का बल्ला भारत के खिलाफ कैसा खेल दिखाता है?









