
जारी आईसीसी मैन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इस समय सुपर 8 के रोमांचक मैच खेले जा रहे हैं। तो वहीं, इसी क्रम में टूर्नामेंट का 45वां मैच इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच आज 24 फरवरी, मंगलवार को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, पल्लेकेले में खेला जाएगा।
सुपर में पहुंचने के लिहाज से यह मैच पाकिस्तान के लिए काफी ज्यादा अहम रहने वाला है, क्योंकि उनका पहला मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ बारिश की भेंट चढ़ चुका है। जबकि इंग्लैंड ने सह-मेजबान श्रीलंका के खिलाफ 51 रनों से जीत दर्ज की थी।
खैर, इस मुकाबले में दोनों टीमें जीत हासिल कर सेमीफाइनल में अपनी दावेदारी को पक्का करना चाहेंगी। साथ ही इस मैच में इन 3 खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर फैंस की नजर रहेगी, जो मैच का रुख अकेले दम पर बदल सकते हैं:
1. विल जैक्स (इंग्लैंड)
इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान मैच में इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी विल जैक्स पर क्रिकेट फैंस की नजर रहने वाली है। अभी तक पूरे टूर्नामेंट में विल जैक्स एकमात्र ऐसे इंग्लिश खिलाड़ी हैं, जिन्होंने लगातार प्रदर्शन किया है। श्रीलंका के खिलाफ सुपर 8 में इंग्लैंड के आखिरी मुकाबले में जैक्स ने 21 रन बनाने के साथ 4 ओवरों में 22 रन खर्च करते हुए 3 विकेट हासिल किए थे। इंग्लैंड का प्रदर्शन इस मैच में विल जैक्स के इर्द-गिर्द रहने वाला है।
2. आदिल राशिद (इंग्लैंड)
पल्लेकेले स्टेडियम की स्पिन फ्रेंडली पिच पर अनुभवी आदिल राशिद इंग्लैंड के सबसे खतरनाक हथियार हैं। श्रीलंका के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शानदार है, उन्होंने हाल ही में जनवरी 2026 में हुई द्विपक्षीय श्रृंखला के दौरान 3/19 और 3/44 विकेट लिए थे। मध्य ओवरों पर नियंत्रण रखने और पल्लेकेले पिच से टर्न हासिल करने की उनकी क्षमता श्रीलंकाई बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी। साथ ही सुपर 8 में आदिल ने श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में 3.4 ओवरों में सिर्फ 13 रन खर्च करते हुए दो विकेट हासिल किए थे।
3. उस्मान तारीक (पाकिस्तान)
चूंकि पल्लेकेले स्टेडियम की पिच स्पिन गेंदबाजों को मदद करती है, इस हिसाब से सुपर 8 के इस मुकाबले में पाकिस्तानी मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारीक की भूमिका काफी अहम हो जाती है। हालांकि, सुपर 8 में पाकिस्तान का पहला मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ बारिश की वजह से धुल चुका है। ऐसे में तारीक को हाथ खोलने का मौका नहीं मिला।
लेकिन फिर भी वह जारी टूर्नामेंट में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, जिन्होंने 3 मैचों में 8.38 की इकाॅनमी से कुल 8 विकेट अपने नाम किए।









