
हाल में ही समाप्त हुए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नंबर 1 टी20 खिलाड़ी और भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को लेकर चर्चा देखने को मिली थी। टूर्नामेंट के शुरुआत में तो अभिषेक खाता तक नहीं खोल पाए थे। पहले तीन मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद, फाइनल में अभिषेक शर्मा ने अपना कमाल दिखाया और महज 18 गेंदों में अर्शशतक जड़ दिया, जिसने मैच की दिशा तय की।
इसके बाद, फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया और रिकाॅर्ड तीसरी बार आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप खिताब को अपने नाम किया। दूसरी ओर, अब अभिषेक शर्मा के खेल को लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हैडिन ने उन्हें मजाकिया अंदाज में ‘बदमाश’ कहा है।
ब्रैड हैडिन ने दिया बड़ा बयान
हाल में ही विलो टाॅक क्रिकेट पाॅडकास्ट पर ब्रैड हैडिन ने कहा- “मैं अभिषेक का बहुत बड़ा फैन हूं, और पूरे टूर्नामेंट में उनकी स्थिति को लेकर काफी चर्चा थी। पूल मैचों में उन्होंने लगातार कुछ मैच बिना खाता खोले जीते, और अचानक ऐसा लगा कि वह दबाव में हैं, लेकिन बड़े मौकों पर ऐसे ही खिलाड़ियों की जरूरत होती है, क्योंकि वे दिलेर होते हैं और जोखिम उठाने से नहीं हिचकिचाते। अभिषेक यही करते हैं, वह विपक्षी टीम पर दबाव बनाते हैं, और जिस तरह से उन्होंने फाइनल में बल्लेबाजी की, वह बदमाशी थी, उससे मैच का रुख तय हो गया।”
हैडिन ने आगे कहा- “न्यूजीलैंड ने फाइनल तक पहुंचकर एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। मुझे लगा कि फाइनल के लिए न्यूजीलैंड की टीम पूरी तरह से फॉर्म में थी। फिन एलन और टिम सीफर्ट जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे थे, उससे लग रहा था कि वे टूर्नामेंट में उस लय में हैं जहां सब कुछ उनके पक्ष में जा रहा है। लेकिन आखिरी बाधा को पार करने में वे असफल रहे। आखिर बेहतर टीम ही जीती, है ना”









