
मुंबई और पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर खिलाड़ी सूर्यांश शेड्गे ने आईपीएल 2026 सीजन से पहले, पूर्व भारतीय कप्तान व सीएसके लीजेंड एमएस धोनी के साथ हुई बातचीत के बारे में बड़ा खुलासा किया है। शेड्गे ने बताया कि उन्होंने धोनी से फिनिशिंग को लेकर बात की, जो पंजाब किंग्स के लिए उनकी आगामी सीजन में भूमिका होने वाली है।
गौरतलब है कि धोनी को दुनिया का बेस्ट फिनिशर माना जाता है, जिन्होंने अपने खेल के दिनों में भारत और आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बहुत से मैच फिनिश किए। आईपीएल में खेलने वाले युवा खिलाड़ी सीएसके से मैच के दौरान धोनी से बात करते हुए देखे जाते हैं, और धोनी की राय को ध्यान से सुनते हुए नजर आते हैं। तो वहीं, अब इसमें 23 वर्षीय सूर्यांश शेड्गे का भी नाम जुड़ गया है।
सूर्यांश शेड्गे ने किया बड़ा खुलासा
बता दें कि आईपीएल के आगामी सीजन से पहले सूर्यांश ने ईएसपीएन क्रिकइंफो को बताया- मेरे हाथ में बस एक ही चीज है, वो है अपने खेल में लगातार सुधार करना और हमेशा खुद को तैयार रखना, क्योंकि देर-सवेर मौका जरूर आएगा।
शेड्गे ने आगे कहा- मेरी माही सर [एमएस धोनी] से भी इसी विषय पर बातचीत हुई थी। उन्होंने भी कहा कि इस फाॅर्मेट में फिनिशर की भूमिका बेहद अहम होती है, लेकिन ऐसे मौके बहुत कम मिलते हैं और अक्सर नतीजे पक्ष में नहीं जाते। मेरा सिद्धांत है कि वर्तमान पर ध्यान केंद्रित किया जाए और एक-एक गेंद पर ध्यान दिया जाए।
सभी सीनियर खिलाड़ी कहते हैं कि स्कोरबोर्ड ही तय करता है कि क्या रणनीति अपनानी चाहिए। खुद को समय देना और वर्तमान पर ध्यान केंद्रित करना बेहद जरूरी है। अगर आप ज्यादा सोचने लगेंगे, तो आप गेंदबाज की रणनीति का अनुमान नहीं लगा पाएंगे और गलतियां होना तय है।
खैर, इस बार पंजाब किंग्स आईपीएल 2026 में अपने विजयी अभियान की शुरुआत गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले मैच से करेगी। दोनों टीमों के बीच यह मैच 31 मार्च को न्यू चंड़ीगढ़ में खेला जाएगा। देखने लायक बात होगी कि पंजाब और सूर्यांश आगामी सीजन में कैसा प्रदर्शन करने वाले हैं?









