
आईपीएल 2026 का 18वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच 11 अप्रैल को एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। चेन्नई सुपर किंग्स इस समय मुश्किल दौर से गुजर रही है, क्योंकि टीम अपने शुरुआती तीनों मैच हार चुकी है।
हालांकि, कुछ खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन टीम सही संतुलन बनाने में नाकाम रही है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने शुरुआत अच्छी की थी, लेकिन पिछले मैच में गुजरात के खिलाफ करीबी हार झेलनी पड़ी। अब अक्षर एंड कंपनी इस मैच में वापसी करना चाहेगी।
दूसरी ओर, चेन्नई के लिए यह मैच बेहद अहम है। लगातार हार के बाद टीम पर दबाव बढ़ गया है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में सुधार की जरूरत है। टीम के लिए अच्छी खबर यह है कि दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस चोट से उबरकर वापस आ गए हैं, जिससे बल्लेबाजी मजबूत हो सकती है।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए केएल राहुल का फॉर्म में लौटना बड़ी राहत है। उन्होंने पिछले मैच में शानदार 92 रन बनाकर अपनी लय वापिस हासिल की। टीम संतुलित नजर आ रही है और इस मुकाबले में जीत हासिल कर फिर से पटरी पर लौटना चाहेगी।
CSK के खिलाड़ियों के माइलस्टोन
- ऋतुराज गायकवाड़ को 100 आईपीएल छक्कों के लिए 4 छक्कों की जरूरत
- गायकवाड़ को 200 टी20 छक्कों के लिए 7 छक्कों की जरूरत
- आयुष म्हात्रे को 100 टी20 छक्कों के लिए 9 छक्कों की जरूरत
- नूर अहमद को 50 आईपीएल विकेट पूरे करने के लिए 2 विकेट चाहिए
दिल्ली के खिलाड़ियों के माइलस्टोन
- अक्षर पटेल को 2000 आईपीएल रन के लिए 84 रन चाहिए
- अक्षर को 100 आईपीएल छक्कों के लिए 6 छक्कों की जरूरत
- कुलदीप यादव को 250 टी20 विकेट पूरे करने के लिए 6 विकेट चाहिए
- नीतीश राणा को 150 आईपीएल छक्कों के लिए 8 छक्के चाहिए
- समीर रिजवी को 1000 टी20 रन बनाने के लिए 48 रनों की जरूरत
मुकाबला होगा रोमांचक
दोनों टीमें हार के बाद मैदान में उतरेंगी, इसलिए यह मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है। चेन्नई जहां अपनी पहली जीत की तलाश में है, वहीं दिल्ली वापसी कर अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेगी। हालांकि, चेपाॅक में होम टीम सीएसके का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।








