
बांग्लादेश क्रिकेट जगत से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बता दें कि बांग्लादेशी टीम के स्पिनर नईम हसन (Nayeem Hasan) ने पुलिस अधिकारियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। तो वहीं, इस तरह की घटना के सामने आने के बाद, क्रिकेट जगत ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) से गहन मांग की जांच कर दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब 25 साल का क्रिकेटर सावर में प्राइम बैंक क्रिकेट क्लब के ढाका प्रीमियर डिवीजन क्रिकेट लीग मैच (जिसमें वह नहीं खेले थे) के बाद ढाका एयरपोर्ट से घर लौट रहे थे। नईम सीएनजी से चलने वाले ऑटो-रिक्शा में जा रहे थे, तभी पुलिस वालों ने चट्टोग्राम के लालखान बाजार इलाके के पास उनकी गाड़ी रोकी।
नईम का आरोप है कि पुलिस वालों ने उन्हें रोकने की वजह बताए बिना ही उनके साथ बदतमीजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस वालों ने उनका गला पकड़ा और जबरदस्ती दूसरे ऑटो-रिक्शा में बिठाकर पुलिस स्टेशन ले गए। नईम ने बताया कि आस-पास के लोगों के यह बताने के बावजूद कि वह बांग्लादेश के नेशनल क्रिकेटर हैं, पुलिस ने उनकी बात अनसुनी कर दी।
नईम हसन की प्रतिक्रिया
इस मामले पर बांग्लादेशी स्पिनर ने मीडिया के हवाले से कहा- मैं उन्हें लगातार बताने की कोशिश कर रहा था कि मैं कौन हूं, लेकिन उन्होंने मेरी बात सुनने से मना कर दिया। अगर वे सच में पुलिस वाले थे, तो उन्होंने मुझे पुलिस की गाड़ी के बजाय दूसरी गाड़ी में बिठाने की कोशिश क्यों की? मैं इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच और न्याय चाहता हूँ।
दूसरी ओर, चट्टोग्राम मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर अमीरुल इस्लाम ने कहा कि अधिकारियों ने आरोपों पर ध्यान दिया है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई का वादा किया है। अमीरुल ने स्थानीय मीडिया को बताया, “शुरुआत में ऐसा लगता है कि ऑपरेशन के दौरान शामिल अधिकारियों ने सही प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें न्याय मिले, और जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसे सजा दी जाएगी।”









