
शुक्रवार (26 जून) स्टॉर्मोंट क्रिकेट ग्राउंड पर इतिहास रचते हुए, आयरलैंड ने दो मैचों की टी20आई सीरीज के पहले मैच में वर्ल्ड चैंपियन भारत के खिलाफ पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहली जीत हासिल की। उन्होंने यह जीत 34 रनों के बड़े अंतर से दर्ज की।
भारत के लिए पहली बार कप्तानी कर रहे श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी। बैटिंग करने उतरी आयरलैंड की टीम 30/3 के स्कोर पर मुश्किल में पड़ गई थी। हालांकि, कप्तान लॉर्कन टकर ने 36 गेंदों पर शानदार और समझदारी भरी 50 रन की पारी खेलकर टीम को संभाला। उनके साथ गैरेथ डेलानी ने पारी के आखिर में जबरदस्त बैटिंग की और 32 गेंदों पर तीन बड़े छक्कों की मदद से तूफानी 49 रन बनाए।
आयरलैंड के लोअर मिडिल आर्डर के बल्लेबाजों ने डेथ ओवरों में तेजी से रन बनाए और सिर्फ़ दो ओवरों में 46 रन बटोरकर मेजबान टीम को 182/9 के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। भारत की ओर से हर्षित राणा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3/24 के शानदार आंकड़े दर्ज किए, जबकि अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए।
अभिषेक शर्मा ने 20 गेंदों में तूफानी 50 रन बनाए
भारत की पारी की शुरुआत जबरदस्त अंदाज में हुई। ओपनर अभिषेक शर्मा ने आयरिश बॉलर्स की धज्जियां उड़ाते हुए सिर्फ 20 गेंदों में तूफानी 50 रन बनाए, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल थे। हालांकि, आठवें ओवर में लियाम मैकार्थी ने अहम विकेट चटकाया और उसके बाद दबाव में भारत की मशहूर बैटिंग लाइन-अप पूरी तरह बिखर गई।
आयरलैंड के डेब्यू कर रहे बॉलर्स ने शानदार प्रदर्शन किया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जय मूंड्रा ने अपनी पहली ही गेंद पर संजू सैमसन को 5 रन पर बोल्ड करके मेहमान टीम को चौंका दिया और 25 रन देकर 2 विकेट लिए।
बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रीज ने मिडिल ऑर्डर को तहस-नहस करते हुए 38 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि मैट हॉलार्ड ने बाकी बल्लेबाजों को आउट करके 28 रन देकर 3 विकेट झटके जिसमें ईशान किशन और श्रेयस अय्यर के अहम विकेट भी शामिल थे और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड भी जीता। भारत की पूरी टीम 148 रन पर सिमट गई और सात गेंदें बाकी रहते ही आयरलैंड ने एक यादगार और शानदार जीत हासिल की।










