भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने टीम इंडिया के पूर्व फील्डिंग कोच टी दिलीप को भावुक अंदाज में विदाई दी है। करीब पांच साल तक भारतीय टीम के साथ काम करने के बाद टी दिलीप का कार्यकाल समाप्त हो गया।
इंग्लैंड दौरे के बाद बीसीसीआई ने उनकी जगह सुभदीप घोष को नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। इस मौके पर रोहित ने सोशल मीडिया के जरिए दिलीप के योगदान को याद करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
रोहित बोले- आपने टीम के अंदर जादू कर दिया
रोहित शर्मा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर टी दिलीप के लिए खास संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि दिलीप सिर्फ एक शानदार कोच ही नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे रहकर टीम को मजबूत बनाने वाले असली हीरो थे। रोहित ने लिखा कि “आप एक लीजेंड हैं दिलीप गारु (भाई)।
आपने टीम के भीतर ऐसा माहौल बनाया जिसने जादू जैसा असर किया। आपकी मेहनत हमेशा पर्दे के पीछे रही, लेकिन उसका असर मैदान पर साफ दिखाई देता था। इस संदेश ने साफ कर दिया कि खिलाड़ियों के बीच दिलीप का कितना सम्मान था।
गौरतलब है कि टी दिलीप नवंबर 2021 में राहुल द्रविड़ के मुख्य कोच बनने के बाद भारतीय टीम से जुड़े थे। उनके कार्यकाल में भारत ने कई बड़ी सफलताएं हासिल कीं। टीम ने 2024 और 2026 का टी20 वर्ल्ड कप जीता, जबकि 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम की।
इसके अलावा 2023 वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम फाइनल तक पहुंची। फील्डिंग के स्तर को बेहतर बनाने में दिलीप का योगदान काफी अहम माना जाता है। उनके द्वारा शुरू किया गया ‘बेस्ट फील्डर मेडल’ खिलाड़ियों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ और इससे टीम में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल भी बना।
भावुक संदेश के साथ कहा अलविदा
टी दिलीप ने भी सोशल मीडिया पर अपने सफर को याद करते हुए भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के साथ बिताए गए पांच साल उनके जीवन के सबसे खास पलों में शामिल रहेंगे।
उन्होंने हर दिन अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की और टीम का हिस्सा बनने पर गर्व जताया। अब उनकी जगह पूर्व असम क्रिकेटर और अनुभवी कोच सुभदीप घोष भारतीय टीम के नए फील्डिंग कोच होंगे। वह गौतम गंभीर के नेतृत्व वाले कोचिंग स्टाफ के साथ 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से अपना कार्यभार संभालेंगे।







