
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले में होने वाले पहले टेस्ट मैच में खेलेंगे या नहीं, इस पर अभी स्थिति साफ नहीं है। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट 19 अगस्त 2026 से शुरू होना है। पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट ने बताया है कि बाबर की उपलब्धता पर अंतिम फैसला मैच वाले दिन मेडिकल टीम की सलाह के बाद लिया जाएगा।
पाकिस्तान की टीम 16 अगस्त को लीड्स पहुंची थी। इसके अगले दिन टीम ने हेडिंग्ले में अभ्यास किया। बाबर ने भी इस सत्र में बल्लेबाजी की और कुछ समय तक थ्रोडाउन का सामना किया। हालांकि, उन्होंने अपने साथियों की तुलना में काफी कम समय तक नेट्स में बल्लेबाजी की। उनकी चोट की सही जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
जल्दबाजी में फैसला नहीं लेना चाहता पाकिस्तान
तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने 17 अगस्त को मीडिया से बातचीत में बाबर की फिटनेस पर अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि बाबर के खेलने को लेकर फैसला मैच वाले दिन ही किया जाएगा और टीम मेडिकल सलाह का पालन करेगी।
पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट अपने प्रमुख बल्लेबाज को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। इसलिए बाबर को मैदान पर उतारने से पहले उनकी फिटनेस को पूरी तरह परखा जाएगा।
बाबर के अलावा पाकिस्तान के बल्लेबाज शान मसूद की फिटनेस भी टीम के लिए चिंता का विषय है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान उनकी उंगली में फ्रैक्चर हुआ था। इसी कारण वह सीरीज का दूसरा टेस्ट नहीं खेल पाए थे।
शान ने बीकेनहैम अभ्यास मैच में हिस्सा नहीं लिया था, लेकिन हेडिंग्ले में उन्होंने पूरा बल्लेबाजी अभ्यास किया। अब उनके खेलने पर भी मेडिकल टीम की सलाह के बाद फैसला होगा।
बाबर नहीं खेले तो कौन संभालेगा कप्तानी?
अगर बाबर टेस्ट से बाहर होते हैं तो पाकिस्तान को कप्तानी को लेकर भी फैसला करना होगा। बाबर की गैरमौजूदगी में बीकेनहैम अभ्यास मैच में सलमान अली आगा ने टीम की कप्तानी की थी। हालांकि, उन्होंने अभी तक पाकिस्तान की टेस्ट टीम का नेतृत्व नहीं किया है।
बाबर के बाहर होने पर सऊद शकील और ओवैस जफर को मध्यक्रम में मौका मिल सकता है। सऊद ने अभ्यास मैच में शतक लगाया था, जबकि अवैस ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। अब सबकी नजर 19 अगस्त को होने वाले मुकाबले से पहले पाकिस्तान के अंतिम फैसले पर है।
ये भी पढ़ें – ‘विराट कोहली की दी गई सलाह आएगी काम’ – पाकिस्तान सीरीज से पहले इंग्लैंड के जॉर्डन कॉक्स का बयान










