वेलिंगटन टेस्ट ड्राॅ होने के बाद, पूर्व सेलेक्टर ने जडेजा-सिराज का चयन ना होने पर टीम इंडिया मैनेजमेंट की लगाई क्लास
पहली पारी में 352 रनों की बढ़त लेने के बाद भी टीम इंडिया जीत हासिल नहीं कर सकी
अद्यतन – नवम्बर 24, 2026 9:48 पूर्वाह्न

न्यूजीलैंड और भारत के बीच बेसिन रिजर्व में खेला गया पहला टेस्ट मैच, पांच दिन की लंबी लड़ाई के बाद आखिरकार ड्राॅ पर समाप्त हुआ। भारत ने मुकाबले में टाॅस जीतकर गेंदबाजी चुनी और न्यूजीलैंड की पहली पारी को 368 रनों पर समेट दिया।
इसके बाद भारत ने पहली पारी में कमाल की बल्लेबाजी की और 9 विकेट के नुकसान पर 720 रनों के रिकाॅर्ड स्कोर पर पारी घोषित की। भारत पहली पारी में 352 रनों की बढ़त लेने के बाद भी मैच जीतने में सफल नहीं रही और मुकाबला ड्राॅ पर समाप्त हुआ।
दूसरी ओर, अब इस मुकाबले में टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन सेलेक्शन को लेकर पूर्व भारतीय सेलेक्टर रहे क्रिस श्रीकांत ने अपना पक्ष रखा। श्रीकांत ने टीम इंडिया मैनेजमेंट की क्लास लगाई और रवींंद्र जडेजा व मोहम्मद सिराज के सेलेक्शन को लेकर मैनेजमेंट से तीखे सवाल पूछे।
क्रिस श्रीकांत ने दिया बड़ा बयान
23 नवंबर को वेलिंगटन टेस्ट मैच ड्राॅ होने के बाद, श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर का “सिराज और जडेजा दोनों के लिए यह बहुत निराशाजनक है। जडेजा सोच रहे होंगे कि इतने सालों में उन्होंने जो कुछ किया है, उसके बावजूद उनके साथ ऐसा बर्ताव क्यों किया जा रहा है? उन्होंने हाल ही में विदेशों में टेस्ट मैच जिताए हैं और उनकी बल्लेबाजी का स्तर शानदार रहा है। जुरेल ने बेहतरीन खेल दिखाया, लेकिन इसका क्या फायदा? आपने 720 रन बनाए, लेकिन फिर भी ड्रॉ से संतोष करना पड़ा।”
श्रीकांत ने आगे कहा “इन दोनों ने ही पिछले साल इंग्लैंड में भारत को मैच जिताए थे। यह यकीन करना मुश्किल है कि इन दोनों को ही बाहर कर दिया गया। आपको कंबोज और आकाश दीप, दोनों को क्यों खिलाना है? दोनों को खिलाना बेकार है।”
“बुमराह के बाद, भारत के सबसे बेहतरीन टेस्ट गेंदबाज सिराज हैं। तो आप उन्हें कैसे बाहर कर सकते हैं? जडेजा ने अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी के दम पर भारत को हर जगह कई टेस्ट मैच जिताए हैं।”
ये भी पढ़ें – 24 नवंबर, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से










