DSG vs JSK: SA20 2024 का 29वां मुकाबला जोबर्ग सुपर किंग्स (Joburg Super Kings) और डरबन सुपर जायंट्स (Durban Super Giants) के बीच 3 फरवरी को खेला गया। जोबर्ग सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। डरबन सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 203 रन बोर्ड पर लगाए। Joburg Super Kings ने एक गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य का पीछा करते हुए 7 विकेट से जीत हासिल की। इस जीत के साथ फाफ डु प्लेसिस की टीम जोबर्ग सुपर किंग्स प्लेऑफ में पहुंच गई है।
टेबल टॉपर डरबन सुपर जायंट्स ने दिखाया शानदार खेल
डरबन सुपर जायंट्स ने 10 मैच में 7 जीत और 32 अंकों के साथ लीग स्टेज राउंड को पहले पायदान पर खत्म किया है। जोबर्ग सुपर किंग्स के खिलाफ टीम को शुरूआती तीन झटके जल्दी लगे थे। 32 के स्कोर पर टीम ने 3 विकेट गंवा दिए थे। जिसके बाद जेजे स्मूट्स और वियान मल्डर ने शानदार खेल दिखाया। जेजे स्मूट्स ने 34 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 55 रनों की पारी खेली।
वहीं वियान मल्डर ने 40 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। हेनरिक क्लासेन ने भी विस्फोटक अंदाज दिखाते हुए 16 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। जिसके बल पर टीम ने 20 ओवरों में 203 रन बोर्ड पर लगाए। जोबर्ग सुपर किंग्स के गेंदबाजों के प्रदर्शन की बात करें तो लिजाड विलियम्स ने सर्वाधिक 3 विकेट अपने नाम किया। वहीं डॉग ब्रेसवेल ने 2 विकेट लिया।
फाफ डु प्लेसिस ने टीम के लिए खेली शानदार पारी
204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी Joburg Super Kings को कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने शानदार शुरूआत दिलाई। फाफ डु प्लेसिस और ल्यूस डु प्लॉय के बीच पहले विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी हुई। फाफ डु प्लेसिस ने 29 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 57 रनों की पारी खेली।
वहीं ल्यूस डु प्लॉय ने 47 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। दोनों ही बल्लेबाज नूर अहमद के शिकार बन गए। वेन मेडसन ने 29 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 44 रनों की नाबाद पारी खेली।
वहीं डोनोवन फेरेइरा ने 3 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 14 रन की नाबाद पारी खेली। जिसके बल पर Joburg Super Kings ने लक्ष्य का पीछा कर लिया। डरबन सुपर जायंट्स के लिए नूर अहमद ने 4 ओवर में 16 रन देकर 2 विकेय लिया, वहीं ड्वेन प्रिटोरियस के नाम एक विकेट शामिल रहा।