
भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2026 का मुकाबला हमेशा की तरह रोमांच से भरा रहा, लेकिन इस बार शुरुआत से ही ईशान किशन ने माहौल बदल दिया। कोलंबो में खेले गए इस बड़े मैच में भारत की पारी की शुरुआत थोड़ी खराब रही, जब अभिषेक शर्मा जल्दी आउट हो गए। ऐसे दबाव भरे पल में ईशान किशन ने जिम्मेदारी संभाली और आक्रामक अंदाज में जवाब दिया।
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी जब अपने पहले ओवर की शुरुआत कर रहे थे, तभी ईशान ने उनकी पहली ही गेंद पर जोरदार छक्का जड़ दिया। यह शॉट सिर्फ छह रन नहीं था, बल्कि एक मजबूत संदेश भी था कि भारत पीछे हटने वाला नहीं है। स्टेडियम में बैठे दर्शक झूम उठे और भारतीय ड्रेसिंग रूम में भी जोश भर गया।
देखें किशन ने किस तरह खेला ये शाॅट
ईशान की तूफानी फिफ्टी ने बदला मैच का रुख
ईशान ने इसके बाद भी अपनी लय बरकरार रखी। उन्होंने तेजी से रन बनाए और पावरप्ले का पूरा फायदा उठाया। वह आत्मविश्वास से भरे नजर आए और पाकिस्तानी गेंदबाजों को दबाव में रखा। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो भारत-पाक मुकाबलों में सबसे तेज अर्धशतकों में से एक है।
अपनी इस शानदार पारी में ईशान ने 40 गेंदों पर 77 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। यह लक्ष्य पाकिस्तान के लिए आसान नहीं रहने वाला था।
ईशान की यह पारी सिर्फ आंकड़ों के लिहाज से खास नहीं थी, बल्कि मैच के माहौल को बदलने वाली भी थी। बड़े मंच पर, बड़े विरोधी के खिलाफ, उन्होंने जिस आत्मविश्वास और निडरता से बल्लेबाजी की, उसने भारत को शुरुआती बढ़त दिला दी। भारत-पाक मुकाबलों में अक्सर एक पल खेल का रुख बदल देता है, और इस मैच में वह पल शाहीन की पहली गेंद पर लगा ईशान का छक्का साबित हुआ।









