टीम इंडिया से बाहर चल रहे चेतेश्वर पुजारा ने रणजी ट्रॉफी 2023-24 में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में सौराष्ट्र की ओर से खेलते हुए झारखंड के खिलाफ 243 रनों की पारी खेली।
पुजारा की इस शानदार पारी के बाद पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने प्रतिक्रिया दी है और कहा कि भले ही नेशनल सेलेक्टर्स उनके बारे में कुछ भी सोचते हों, लेकिन पुजारा रन बनाते रहते हैं। युवा खिलाड़ियों के लिए उनका कमिटमेंट एक सबक होना चाहिए।
वहीं ऑस्ट्रेलिया में शर्मनाक टेस्ट सीरीज हार के बाद पाकिस्तान के हाई परफॉर्मेंस कोच ग्रांट ब्रैडबर्न ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी दी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड, खिलाड़ियों, कोच व स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
मोहम्मद रिजवान उपकप्तान नियुक्त
इसके अलावा पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 8 जनवरी को मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) को पाकिस्तान T20I टीम का उप-कप्तान नियुक्त किया है। रिजवान के उपकप्तान बनाए जाने के बाद साथी खिलाड़ियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी।
अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए भारत ने 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की है, जिसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली की दो साल बाद टी-20 टीम में वापसी हुई है। वहीं भारत की इस टीम को लेकर सोशल मीडिया पर काफी तीखी प्रतिक्रियाएं भी आईं।
आकाश चोपड़ा ने भी एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा, ‘अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए उप-कप्तान के रूप में नामांकित किया गया था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी टीम का हिस्सा थे। अब अफगानिस्तान के खिलाफ टीम में जगह नहीं मिली। दुबे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर टीम में थे। साउथ अफ्रीका के लिए नहीं चुने गये।अफगानिस्तान के खिलाफ टीम में वापसी। इसके अलावा, ईशान किशन कहां है? उनकी उपलब्धता पर कोई खबर?’









