
1. आईपीएल 2026 के बाद 4 कप्तानों की कुर्सी खतरे में, आकाश चोपड़ा ने बताया ‘पहले नंबर पर हार्दिक पांड्या’
आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद अब कई टीमों की कप्तानी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने उन चार कप्तानों के नाम बताए हैं, जिन्हें अगले सीजन से पहले उनकी टीम कप्तानी से हटा सकती है। इस सूची में सबसे पहला नाम हार्दिक पांड्या का है।
आकाश चोपड़ा का मानना है कि मुंबई इंडियंस अब कप्तानी में बदलाव कर सकती है। हार्दिक की कप्तानी में टीम ने तीन सीजन खेले, लेकिन दो बार टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही। हालांकि, एक बार टीम प्लेऑफ तक पहुंची, लेकिन खिताब जीतने में नाकाम रही। साथ ही आकाश ने ऋषभ पंत, अजिंक्य रहाणे और रुतुराज गायकवाड़ का नाम लिया, जिनकी कप्तानी जा सकती है।
2. सूर्यवंशी ओपनर, क्लासेन नंबर 4 पर, कोहली को जगह नहीं, कुछ ऐसी है IPL 2026 की लीग स्टेज की बेस्ट प्लेइंग 11
दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग के 19वें सीजन का लीग चरण समाप्त हो चुका है। 26 मई से नाॅकआउट मुकाबले खेले जाएंगे। करीब दो महीने और 70 शानदार मुकाबलों के बाद, मौजूदा चैंपियन राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के अलावा गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान राॅयल्स प्लेऑफ में जगह बनाने वाली चौथी टीम बनी।
साथ ही लीग चरण में कुछ खिलाड़ियों ने असाधारण प्रदर्शन किया और अपनी टीम को टूर्नामेंट के अगले चरण में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। तो वहीं, आज इस खबर में हम आपको आईपीएल 2026 के लीग मुकाबले खत्म होने के बाद, बेस्ट प्लेइंग 11 के बारे में बताने जा रहे हैं। लेकिन, फैंस को ये जानकार हैरानी होगी कि अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली को इस टीम में जगह नहीं मिली है।
IPL 2026, लीग स्टेज मुकाबलों के बाद बेस्ट 11: वैभव सूर्यवंशी, साई सुदर्शन, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, क्रुणाल पांड्या, जेसन होल्डर, जोफ्रा आर्चर, भुवनेश्वर कुमार, कागिसो रबाडा, इशान मलिंगा और प्रिंस यादव
3. IPL 2026: हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर संकट! पोलार्ड के बयान से मुंबई इंडियंस खेमे में हलचल
मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड ने भी स्वीकार किया कि कप्तान हार्दिक पांड्या और टीम मैनेजमेंट की उम्मीदों के मुताबिक यह सीजन नहीं गया। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर हार्दिक को जिम्मेदार नहीं ठहराया, लेकिन उनके बयान ने यह जरूर साफ कर दिया कि फ्रेंचाइजी के अंदर गंभीर चर्चा होने वाली है।
सीजन खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पोलार्ड ने कहा कि टीम ने हर संभव कोशिश की, ताकि मुंबई इंडियंस बेहतर प्रदर्शन कर सके। उन्होंने माना कि हार्दिक ने कप्तान के रूप में पूरी मेहनत की, लेकिन मैदान पर उसका असर दिखाई नहीं दिया।
4. जसप्रीत बुमराह ने आईपीएल 2026 में बनाया ‘उल्टा डॉन ब्रैडमैन’ वाला ये अनचाहा वर्ल्ड रिकाॅर्ड
क्रिकेट में 100 का बल्लेबाजी औसत, यह ऐसा लैंडमार्क है, जिसे बहुत ही कम खिलाड़ी अपने नाम कर सकते हैं। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज डाॅन ब्रैडमैन इस औसत के बहुत करीब पहुंचे थे, लेकिन बहुत से खिलाड़ी इसके आस-पास भी नहीं आ पाते हैं।
दूसरी ओर, आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने बल्ले से नहीं बल्कि गेंद से 100 के औसत को अपने नाम कर लिया है। बता दें कि अब वह टी20 क्रिकेट इतिहास के पहले गेंदबाज बन गए हैं, जिनका एक सीजन में गेंदबाजी औसत 100 का है। यानि कि याॅर्कर किंग बुमराह को आईपीएल 2026 में एक विकेट हासिल करने के लिए 100 रन खर्च करने पड़े।
बुमराह ने आईपीएल 2026 में खेले गए 13 मैचों में 8.37 की इकाॅनमी रेट से कुल 294 रन खर्च किए। इस दौरान वह केवल चार विकेट ही ले सके और किसी भी मैच में एक से अधिक विकेट लेने में असफल रहे।
5. सूर्यकुमार यादव ने कलाई की चोट को बताया अफवाह, कहा ‘लोग क्रिकेट को नहीं समझते’
आईपीएल में राजस्थान राॅयल्स के खिलाफ मैच के बाद, सूर्यकुमार यादव ने आधिकारिक ब्राॅडकास्टर जियोस्टार से बात करते हुए कहा- सबसे पहले, मैं कुछ बातें स्पष्ट करना चाहूंगा। कलाई की चोट की बात करने वाले या तो सिर्फ फिजियोथेरेपिस्ट हैं या फिर क्रिकेट को नहीं समझते। क्योंकि अगर मुझे सच में कलाई में चोट या ऐसी कोई समस्या होती, तो मैं प्रैक्टिस और मैचों में जो शॉट खेलता हूं, खासकर मेरे फ्लिक शॉट, जो पूरी तरह से कलाई पर आधारित होते हैं और हाथ-आंख के तालमेल पर निर्भर करते हैं, मैं उन्हें नहीं खेल पाता।
सूर्या ने आगे कहा- लेकिन मैं इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता क्योंकि यह मेरे नियंत्रण में नहीं है। ये सभी अनियंत्रित कारक हैं, और मैं इन पर ज्यादा ध्यान नहीं देता। मैंने पूरे सीजन में कड़ी मेहनत की है। साल की शुरुआत में भी मैंने कड़ी मेहनत की थी। न्यूजीलैंड सीरीज में मुझे प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। फिर मेरा वर्ल्ड कप अच्छा रहा, कम से कम मेरे हिसाब से। फिर आया आईपीएल। मैंने आईपीएल में रन नहीं बनाए, लेकिन मैंने कड़ी मेहनत करना कभी नहीं छोड़ा।
6. हार्दिक, बुमराह को लिया आड़े हाथों, अश्विन ने मुंबई के खराब प्रदर्शन पर दिया बड़ा बयान, बोले- ‘अगले साल भी यही होगा’
पूर्व भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में मुंबई इंडियंस के सीजन का आकलन करते हुए कहा, “वानखेड़े स्टेडियम में, अगर आपको 34 गेंदों पर 60 रन चाहिए होते, तो मुझे लगता है कि मुंबई इंडियंस आमतौर पर इसे चेज कर लेती। लेकिन प्रॉब्लम यह थी… हां, यहीं पर चीजें गलत हो गईं। हार्दिक ने आज स्पिनरों के खिलाफ भी अच्छी बैटिंग की। अगर आपको याद हो, तो गुजरात टाइटन्स के लिए, हार्दिक नंबर चार या कभी-कभी नंबर पांच पर बैटिंग करते थे, और वह स्पिनरों की धुनाई करते थे।”
अश्विन को लगता है कि हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इस साल काफी ‘अजीब’ दिखी है। कुछ खिलाड़ियों को चोट लगी और जब उन्होंने वापसी की तो अपने रंग में नहीं दिखे, जो अश्विन को एक बड़ी समस्या लगती है। अश्विन को लगता है कि अगर मुंबई के लिए अगला सीजन भी इसी तरह खत्म होता है तो कोई हैरानी नहीं होगी।
7. IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन से घबराए यशस्वी जायसवाल, अश्विन ने दिया बोल्ड बयान
वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ राजस्थान राॅयल्स की जीत के बाद, अपने यूट्यूब पर एक मैच की समीक्षा करते हुए एक वीडियो में रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि वह इस साल जायसवाल के खेलने के तरीके से हैरान हैं। उन्हें लगता है कि पिच के दूसरे छोर से उनके ओपनिंग पार्टनर के तौर पर सूर्यवंशी ने जो धमाकेदार प्रदर्शन किया है, उसने भी इसमें अहम भूमिका निभाई है। पूर्व दिग्गज स्पिनर ने कहा, “मैं राजस्थान रॉयल्स टीम में यशस्वी जायसवाल के प्रदर्शन से थोड़ा हैरान हूं। मैं थोड़ा हैरान हूं इसलिए हूं क्योंकि मुझे उनसे बहुत उम्मीदें थीं। मुझे उनसे बहुत उम्मीदें हैं.। लेकिन मुझे बस थोड़ा सा लग रहा है कि वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन ने शायद जायसवाल को थोड़ा हिला दिया है। इससे वह घबरा गए हैं।”
8. बीसीसीआई का ऐतिहासिक कदम! बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 3 स्पेशलिस्ट महिला कोच नियुक्त
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने महिला क्रिकेट की दिशा बदलने के लिए ऐतिहासिक फैसला लिया है। बता दें बीसीसीआई ने बेंगलुरु में स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तीन स्पेशलिस्ट महिला कोच की नियुक्ति की है। पहली बार महिला क्रिकेट में बीसीसीआई ने ये कदम उठाया है। बीसीसीआई ने नूशीन अल खादीर को बॉलिंग कोच, सुनेत्रा परांजपे को बैटिंग कोच और वी रामु वनीता को फील्डिंग कोच नियुक्त किया है।








