
19 जुलाई, रविवार को को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कराते हुए, एक ऐतिहासिक क्रिकेट रिकाॅर्ड को अपने नाम किया। बता दें जो कारनामा रोको की जोड़ी ने कर दिखाया है, उससे पहले ऐसा कुछ भारतीय क्रिकेट इतिहास में कभी भी नहीं हुआ है।
इस खास रिकाॅर्ड को किया नाम
गौरतलब है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली अब भारतीय क्रिकेट टीम के लिए सिर्फ वनडे क्रिकेट ही खेलते हुए नजर आते हैं। पिछले दो सालों के भीतर रोहित और कोहली ने टेस्ट और टी20 क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। दोनों ने लाॅर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ एक साथ अपना 400वां इंटरनेशनल मैच खेला। इससे ज्यादा किसी भी भारतीय जोड़ी ने नहीं खेले हैं।
इससे पहले सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ की जोड़ी ने भारत के लिए सर्वाधिक 391 इंटरनेशनल मैच एक साथ खेले थे। तो वहीं, वर्ल्ड क्रिकेट में सबसे ज्यादा एक साथ मैच खेलने का रिकाॅर्ड श्रीलंका के कुमार संगाकारा और महेला जयवर्धने के नाम है, जिन्होंने एक साथ 550 मुकाबले खेले।
गौरतलब है कि विराट कोहली ने 18 अगस्त, 2008 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था, जिसमें ये जोड़ी पहली बार एक साथ खेलती हुई नजर आई। इस मैच में गौतम गंभीर के साथ ओपनिंग करने वाले कोहली ने 12 रन की पारी खेली, तो वहीं रोहित ने 19 रन बनाए थे। एमएस धोनी की अगुवाई वाली भारतीय टीम को उस मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, क्योंकि भारत पहली पारी में सिर्फ 146 रन ही बना पाई।
लेकिन इसके बाद एक साथ क्रिकेट खेलते हुए रोहित शर्मा ने 400 मैचों में 43.84 की औसत से कुल 17055 रन बनाए, तो वहीं किंग कोहली ने 54.33 की औसत से कुल 19668 रन बनाए। दोनों ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया को अनगिनत मैचों में जीत दिलाई।









