
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर कमाल की बल्लेबाजी करते हुए नजर आए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। बता दें आईपीएल 2026 का 68वां मैच लखनऊ और पंजाब के बीच इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया।
इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स से मिले 197 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, पीबीकेएस के लिए श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेलते हुए 51 गेंदों में 11 चौके व 5 छक्कों की मदद से 101* रनों की नाबाद मैच विनिंग पारी खेली। यह आईपीएल में श्रेयस का पहला शतक भी था, जो टीम की जीत से और ज्यादा खास बन गया।
दूसरी ओर, श्रेयस अय्यर की इस पारी की पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम जमकर तारीफ करते हुए नजर आए हैं। करीम ने श्रेयस अय्यर की पारी को मिट्टी पर चमकने वाली किसी बूंद की तरह बताया है।
सबा करीम ने की श्रेयस अय्यर की तारीफ
लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच हुए मैच के बाद, सबा करीम ने जियोस्टार पर कहा- “मैं इस पारी का वर्णन करने के लिए सही शब्द खोजने की कोशिश कर रहा था, और जो शब्द मेरे दिमाग में आया वह था ‘पेट्रिकोर’, यानी सूखी जमीन पर बारिश की बूंदों की गंध। पंजाब किंग्स और उनके प्रशंसकों के लिए यह पारी कुछ ऐसी ही रही होगी।”
“टूर्नामेंट के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर कप्तान को आगे आना पड़ा, और उन्हें प्रदर्शन करने के लिए एकदम सही मंच मिला। उनमें आक्रामकता थी लेकिन साथ ही नियंत्रण भी। उनमें इरादा था, लेकिन साथ ही मैच की स्थिति की स्पष्ट समझ भी थी।”
“जिस तरह से उन्होंने पारी का निर्माण किया, वह बेहद प्रभावशाली था। उन्होंने पहले भी शतक बनाए हैं, लेकिन परिस्थिति और पारी की गुणवत्ता को देखते हुए यह उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक हो सकती है। श्रेयस अय्यर की इस पारी में एक भी गलती नहीं थी।”










