
जारी आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) खेमे से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बता दें टीम के ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क तीन और मैचों के लिए बाहर हो गए हैं। 36 वर्षीय अनुभवी गेंदबाज फिलहाल अपने कंधे व कोहनी की चोट से रिकवरी कर रहा है।
इससे पहले वह कैपिटल्स के लिए पहले दो मैचों से बाहर हुए थे, लेकिन अब खबर आ रही है कि वह 8 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले मैच में भी नहीं खेल पाएंगे। ताजा मीडिया रिपोट्स के मुताबिक स्टार्क 20 अप्रैल तक दिल्ली कैपिटल्स से नहीं जुड़ पाएंगे। इससे उनके डीसी के लिए दो और मैचों में खेलने की संभावना ना के बराबर है।
गौरतलब है कि इस समय मिचेल स्टार्क दुनिया के कुछ चुनिंदा तेज गेंदबाजों में से एक हैं, जो अपनी गेंदबाजी से मैच की दिशा तय करते हैं। हालांकि, यह दिल्ली कैपिटल्स के लिए आगे बढ़ रहे टूर्नामेंट की तैयारियों के लिए एक झटके जैसा है, लेकिन अभी तक कैपिटल्स को स्टार्क की कुछ खास जरूरत नहीं पड़ी है। भारतीय गेंदबाजी और लुंगी एनगिडी के वैरिएशन ने अभी तक कैपिटल्स के लिए बखूबी काम किया है।
पाॅइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर DC
दूसरी ओर, आईपीएल के जारी 19वें सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के प्रदर्शन के बारे में जानकारी दें, तो अभी तक अक्षर पटेल की कप्तानी में डीसी ने शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने खेले गए अपने पहले दो मुकाबलों में जीत हासिल की है। दिल्ली ने अपने पहले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को उन्हीं के होम ग्राउंड पर 6 विकेट से हराया था।
इसके बाद डीसी ने पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को 4 अप्रैल को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले में भी 6 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। तो वहीं, अब टीम का अगला मैच 8 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ है। इस मैच में भी दिल्ली कैपिटल्स जीत की लय बरकरार रखना चाहेगी।









