
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी को हुई थी, और आज 14 फरवरी तक टूर्नामेंट के लीग चरण के आधे से ज्यादा मैच खेले जा चुके हैं। इस दौरान टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही 20 टीमों के कुछ खिलाड़ियों ने जबरदस्त खेल दिखाया।
किसी ने बल्ले से चौकों-छक्कों की बारिश की, तो किसी ने गेंद से कहर बरपाया। तो वहीं, कुछ खिलाड़ी ऐसे भी रहे, जिन्होंने खेल के तीनों विभागों में शानदार प्रदर्शन किया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
हालांकि, अभी तक टूर्नामेंट का लीग चरण खत्म नहीं हुआ है, इसलिए आधिकारिक बेस्ट प्लेइंग इलेवन की घोषणा भी आईसीसी ने नहीं की है। हालांकि, 23 मैचों के बाद हमने एक ऐसी प्लेइंग 11 तैयार की, जिसमें सभी टीमों के कुछ बेस्ट खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। लेकिन इस टीम में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात रही कि इस टीम में भारतीय टीम से सबसे ज्यादा 4 खिलाड़ियों ने जगह बनाई।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले हफ्ते के बाद की बेस्ट प्लेइंग 11
हमारी इस टीम में ओपनिंग की जिम्मेदारी अभिषेक शर्मा और ब्रायन बेनट के हाथ में होगी। अभिषेक इस समय टी20 क्रिकेट के बेस्ट बल्लेबाज हैं, जो पावरप्ले में अपनी बल्लेबाजी से इम्पैक्ट डाल सकते हैं। तो वहीं, बेनट ने जिम्बाब्वे की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक जीत में ओपनिंग करते हुए 64 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी।
इस टीम में तीसरे नंबर पर भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव होंगे, जो कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी जौहर दिखा चुके हैं। यूएसए के खिलाफ टाॅप ऑर्डर के फेल होने के बाद उन्होंने 84 रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी। इस टीम में चौथे नंबर पर आयरलैंड के विकेटकीपर लाॅर्कन टकर हैं, जिन्होंने हाल में ही ओमान के खिलाफ 51 गेंदों में 94 रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी।
नंबर पांच पर इस टीम में हैरी ब्रूक और नंबर 6 पर हार्ड हिटर हार्दिक पांड्या मौजूद हैं। नामीबिया के खिलाफ बल्ले और गेंद से शानदार खेल दिखाने के लिए हार्दिक को प्लेयर ऑफ द मैच का अवाॅर्ड भी मिला था। इस टीम में ऑलराउंडर के तौर पर यूएसए के Shadley van Schalkwyk भी शामिल हैं, जो तीन मैचों में 11 विकेट हासिल कर चुके हैं।
इसके अलावा इस टीम में स्पिन गेंदबाज के रूप में मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और यूएसए के हरमीत सिंह को शामिल किया गया है। तो वहीं, तेज गेंदबाज के रूप में जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 17 रन देकर 4 विकेट लिए थे, को जगह मिली है। इसके अलावा टीम में यूएई के जुनैद सिद्दकी दूसरे तेज गेंदबाज होंगे, जिन्होंने कनाडा के खिलाफ ओपनिंग मैच में ही 5 विकेट लेकर सनसनी मचा दी थी।
पहले हफ्ते के बाद टी20 वर्ल्ड कप की बेस्ट 11
अभिषेक शर्मा, ब्रायन बेनट, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), लाॅर्कन टकर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक, हार्दिक पांड्या, शैडली वान शिवाक, वरुण चक्रवर्ती, हरमीत सिंह, ब्लेसिंग मुजरबानी, जुनैद सिद्दकी








