आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच खेला गया मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में गुजरात टाइटंस ने आखिरी गेंद तक चले मुकाबले में सिर्फ 1 रन से जीत दर्ज की। मैच के अंत में सारी उम्मीदें डेविड मिलर पर टिकी थीं, लेकिन उनका एक फैसला टीम पर भारी पड़ गया।
आखिरी ओवर में दिल्ली को जीत के लिए 2 रन चाहिए थे और 2 गेंदें बाकी थीं। इस समय डेविड मिलर स्ट्राइक पर थे। उन्होंने पांचवीं गेंद पर सिंगल लेने से मना कर दिया और कुलदीप यादव को स्ट्राइक नहीं दी। मिलर ने सोचा कि वह आखिरी गेंद पर खुद ही मैच खत्म कर देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
आखिरी गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर मिलर शॉट खेलने से चूक गए। इस बीच कुलदीप रन लेने के लिए दौड़े, लेकिन जोस बटलर ने तेजी से गेंद पकड़कर सटीक थ्रो किया और कुलदीप रन आउट हो गए।
हरभजन सिंह ने की कड़ी आलोचना
पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने मिलर के इस फैसले की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि मिलर ने हीरो बनने की कोशिश की और टीम के हित में सही निर्णय नहीं लिया। भज्जी ने तंज कसते हुए कहा कि मिलर का खेल देखकर ऐसा लगा जैसे वह अभी भी गुजरात टाइटंस के लिए ही खेल रहे हों।
हरभजन का मानना है कि कुलदीप यादव कोई कमजोर बल्लेबाज नहीं हैं और दबाव में भी अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। अगर मिलर ने पांचवीं गेंद पर सिंगल ले लिया होता, तो आखिरी गेंद पर कुलदीप के पास मौका होता और मैच सुपर ओवर तक जा सकता था।
भज्जी ने यह भी कहा कि मिलर एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं, लेकिन हाल के समय में उन्होंने ज्यादा मैच फिनिश नहीं किए हैं। उनके अनुसार, एक अच्छे खिलाड़ी और महान खिलाड़ी में यही फर्क होता है कि महान खिलाड़ी दबाव में मैच जीताकर लौटता है। इस हार के बाद साफ है कि एक छोटी सी गलती ने दिल्ली कैपिटल्स से जीत छीन ली और टीम को अहम दो अंक गंवाने पड़े।







