
जारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना इंग्लैंड से होने वाला है। दोनों टीमों के बीच यह मैच 5 मार्च को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल में जगह बनाने के लिहाज से यह मैच दोनों ही टीमों के लिए महत्वपूर्ण होने वाला है।
तो वहीं, इस खबर हम आपको इस बारे में जानकारी देने जा रहे हैं कि जब भारत ने आखिरी बार इंग्लैंड का आईसीसी नाॅकआउट मैच में सामना किया था, तो क्या हुआ था?
भारत ने दी थी इंग्लैंड को करारी शिकस्त
गौरतलब है कि आखिरी बार भारत का आईसीसी नाॅकआउट में इंग्लैंड से पिछले टी20 वर्ल्ड कप 2024 में सामना हुआ था। भारत ने उस मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की और फाइनल में जगह बनाने के साथ, साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब को अपने नाम किया था।
मैच के बारे में आपको जानकारी दें, तो भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा की 39 गेंदों में 57 रनों की शानदार पारी के दम पर 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर कुल 171 रन बनाए थे। रोहित के अलावा सूर्यकुमार यादव ने 47 और हार्दिक पांड्या ने 13 गेंदों में 23 रनों की तेज पारी खेली थी। इंग्लैंड की ओर से क्रिस जाॅर्डन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे।
172 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड कभी भी मोमेंटम नहीं पकड़ पाई। भारत की शानदार गेंदबाजी के सामने पूरी इंग्लिश टीम 16.4 ओवरों में 103 रनों पर सिमट गई थी। हैरी ब्रूक टीम के लिए टाॅप स्कोरर रहे, जिन्होंने 25 रन बनाए, जबकि कप्तान जोस बटलर ने 23 और पेसर जोफ्रा आर्चर ने 21 रन बनाए थे।
दूसरी ओर, मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा। स्पिनर अक्षर पटेल ने 23 रन देकर तीन और कुलदीप यादव ने 19 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा बुमराह ने 4 ओवरों में महज 12 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
तो वहीं, अब जबकि भारतीय टीम जारी टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना करेगी, तो मैन इन ब्लू अपने इस प्रदर्शन को दोबारा दोहराना चाहेगी।









