
13 नवंबर 2026 को ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को एक शानदार नया तेज गेंदबाज मिला। 21 वर्षीय माहली बियर्डमैन ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने वनडे इंटरनेशनल डेब्यू मैच में ऐतिहासिक गेंदबाजी की। पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में सीरीज के पहले मैच में, अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलते हुए, इस युवा तेज गेंदबाज ने इंग्लैंड की बल्लेबाजी लाइनअप को तहस-नहस करते हुए अपनी पहली 28 गेंदों के भीतर ही 5 विकेट झटक लिए।
बियर्डमैन के लिए ड्रीम स्टार्ट तब हुई जब उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक को सिर्फ एक रन पर आउट किया, और इसके तुरंत बाद अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को भी पवेलियन भेज दिया। शानदार कंट्रोल और पेस दिखाते हुए, उन्होंने जॉर्डन कॉक्स, सैम करन और लियाम डॉसन को भी आउट किया, जिससे इंग्लैंड का टॉप और मिडिल ऑर्डर बुरी तरह लड़खड़ा गया।
38 सालों में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी
इस कारनामे के साथ, बियर्डमैन अपने वनडे डेब्यू पर पांच विकेट लेने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई पुरुष क्रिकेटर बन गए, और 1988 में टॉनी डोडेमाइड के बाद, 38 सालों में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी हैं।
वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया से आने वाले बियर्डमैन ने पर्थ में अपने शानदार प्रदर्शन से पहले ही अपनी जबरदस्त पोटेंशियल की झलक दिखा दी थी। 2026 की शुरुआत में, उन्होंने लाहौर में पाकिस्तान के खिलाफ अपना इंटरनेशनल टी20आई डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने 30 रन देकर 2 विकेट लिए थे। घरेलू टी20 क्रिकेट में, यह तेज गेंदबाज बिग बैश लीग में पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए खेलता है। 2024–25 सीजन में डेब्यू करने के बाद, उन्होंने 2025–26 सीजन में मिचेल मार्श की कप्तानी में स्कॉर्चर्स को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी और 11 मैचों में 13 विकेट लिए थे।
पिछले महीने ही ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के भारत दौरे के दौरान, बियर्डमैन ने ‘ए’ सर्किट पर अपना दबदबा कायम किया। भारत ‘ए’ के खिलाफ एक अनौपचारिक वनडे मैच में, उन्होंने 4/23 के शानदार स्पेल के साथ अपनी टीम को 125 रनों की बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इस दौरान उन्होंने साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल जैसे बल्लेबाजों को आउट किया था।
यह भी पढ़ें: W,0,0,0,W,W – पहले ओवर में ही मैट हेनरी ने तोड़ी भारत की कमर! विराट, रोहित और श्रेयस बिना खाता खोले लौटे पवेलियन










