
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (R Ashwin), मेजर लीग क्रिकेट के आगामी सीजन में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। अगर वह टूर्नामेंट में टीम के लिए कोई भी मैच खेलने में सफल रहे, तो वह टूर्नामेंट में खेलने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के पहले खिलाड़ी बन सकते हैं।
गौरतलब है कि अश्विन इंटरनेशनल क्रिकेट से साल 2024 में रिटायर हो गए थे और आईपीएल से 2025 में। इसके अलावा हाल में ही उन्होंने यूएसए के Dallas-Fort Worth में खेले गए एक प्रदर्शनी मैच में हिस्सा लिया था।
आर अश्विन की प्रतिक्रिया
दूसरी ओर, मेजर लीग क्रिकेट के चौथे सीजन में खेलने को लेकर अश्विन काफी उत्साहित हैं और उन्होंने ईएसपीएन क्रिकइंफो के हवाले से कहा- यह बहुत रोमांचक है। उस गेम के लिए एशियाई मूल के लोगों ने जिस तरह का उत्साह दिखाया, उसे देखकर ही मुझे समझ आ गया कि अमेरिकी क्रिकेट में कितनी बड़ी संभावना हो सकती है।
तो वहीं, यह पहली बार होगा जब अश्विन IPL के अलावा किसी और देश की T20 लीग में खेलेंगे। 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक खेलों से पहले, USA क्रिकेट के लिए एक अहम जगह बनने की दिशा में कदम उठा रहा है। ओलंपिक खेलों में 128 साल बाद क्रिकेट की वापसी होने जा रही है।
खैर, इससे पहले अश्विन ने पहले सिडनी थंडर के लिए 2025-26 BBL खेलने का करार किया था, लेकिन घुटने की चोट के कारण उन्हें बाहर होना पड़ा था और हाल में ही उन्होंने घुटने की सर्जरी से पूरी तरह से रिकवरी कर ली है। अब वह मेजर लीग क्रिकेट 2026 में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं।
इसके अलावा सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के चीफ एक्सक्यूटिव जाॅनी ग्रेव ने कहा- यह पहली बार होगा जब वह भारत के बाहर किसी बड़े ग्लोबल फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट में खेलेंगे। और इस स्तर के खिलाड़ी को आकर्षित करने वाली पहली लीग बनना इस बात का सबूत है कि 2023 में शुरू होने के बाद से पिछले तीन सालों में यह लीग कितनी विकसित हुई है।










