
राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से हर किसी को हैरान कर दिया। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए। उनकी इस तूफानी पारी की तारीफ अब दुनिया भर के क्रिकेट दिग्गज कर रहे हैं।
वेस्टइंडीज के स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने भी वैभव की बल्लेबाजी की जमकर सराहना की। रसेल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर वैभव की फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘हेटर्स कहेंगे कि तुम 15 साल के नहीं हो।’ इसके साथ ही उन्होंने खुद को वैभव का बड़ा फैन भी बताया। सोशल मीडिया पर रसेल की यह स्टोरी काफी वायरल हो रही है और फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं।
29 गेंदों में मचाया तूफान
मुल्लांपुर में खेले गए इस अहम मुकाबले में वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने 5 चौके और 12 शानदार छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 334.48 की रही, जो किसी भी बल्लेबाज के लिए बेहद खास मानी जाती है।
वैभव की इस धमाकेदार पारी और ध्रुव जुरेल के 21 गेंदों में अर्धशतक की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 243 रन बनाए। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 196 रन पर ऑलआउट हो गई और राजस्थान ने मुकाबला आसानी से जीत लिया।
क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा
इस सीजन वैभव सूर्यवंशी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। एलिमिनेटर मुकाबले के दौरान उन्होंने आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2012 में 59 छक्के लगाए थे।
अब वैभव के नाम 65 छक्के हो चुके हैं और उनके पास यह रिकॉर्ड और आगे बढ़ाने का मौका भी है। उन्होंने इस सीजन 15 पारियों में 680 रन बनाए हैं। उनका औसत 45.33 और स्ट्राइक रेट 242.86 का रहा है।
राजस्थान रॉयल्स अब क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस का सामना करेगी। यह मुकाबला 29 मई को महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। राजस्थान की टीम इस मैदान पर अब तक चार मैच खेल चुकी है और सभी में जीत हासिल की है। ऐसे में टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी।








