
दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच जारी आईपीएल 2026 का 48वां मैच खेला गया। दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में होम टीम दिल्ली कैपिटल्स को सीएसके के खिलाफ घर पर 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए डीसी सिर्फ 156 रनों का लक्ष्य ही सीएसके के सामने जीत के लिए रख पाई, जिसे बाद में गायकवाड़ एंड कंपनी ने 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
आईपीएल 2026, डीसी बनाम सीएसके मैच का हाल
मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं तो दिल्ली कैपिटल्स ने टाॅस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो उनके लिए एकदम गलत साबित हुआ। पूरी टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर कुल 155 रन ही बना पाई। तो वहीं, अंत में डीसी के लिए ट्रिस्टन स्टब्स ने 38 और समीर रिजवी ने 24 गेंदों में चार छक्कों की मदद से 40* रनों की तेज पारी खेली और अपनी टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।
दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से कमाल की गेंदबाजी देखने को मिली। अंशुल कंबोज को छोड़कर बाकी सभी गेंदबाजों ने किफायती गेंदबाजी और विकेट हासिल किए। नूर अहमद को 2 और अकील हुसैन, मुकेश चौधरी, गुरजापनीत सिंह व जेमी ओवरटन को 1-1 विकेट मिला।
इसके बाद, जब सीएसके डीसी से मिले 156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो उसने इस टारगेट को 17.3 ओवरों में 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। टीम के लिए सलामी अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन (87 * रन, 52 गेंद) ने कमाल की नाबाद मैच विनिंग पारी खेली, तो कार्तिक शर्मा 31 गेंदों में 41* रन बनाकर नाबाद रहे।
कप्तान रुतुराज गायकवाड़ एक बार फिर 6 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए, तो उर्विल पटेल 17 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। दिल्ली कैपिटल्स के लिए गेंदबाजी में अक्षर पटेल और लुंगी एनगिडी को 1-1 विकेट मिला।








