IPL 2027: ‘लौटकर बुद्धु घर को आए’ 20वें सीजन के लिए मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को फिर से सौपीं कप्तानी
अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को पांच बार चैंपियन बना चुके हैं रोहित
अद्यतन – नवम्बर 27, 2026 6:29 अपराह्न

कप्तान के रूप में एक बार फिर से रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की आईपीएल में वापसी हुई है। बता दें अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस (MI) को पांच बार चैंपियन बनाने वाले रोहित को एक बार फिर से टीम मैनेजमेंट ने कप्तानी सौंपने का फैसला किया है।
मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने इस बात की जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पोस्ट कर दी। आईपीएल के आगामी सीजन से पहले पूर्व कप्तान हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स से ट्रेड होने के बाद, MI ने यह फैसला किया।
साल 2024 में कप्तानी से हटाए जाने से पहले रोहित ने मुंबई इंडियंस की कमान साल 2013 से लेकर 2023 तक संभाली थी। इस दौरान मुंबई ने रिकाॅर्ड पांच बार आईपीएल खिताब अपने नाम किए थे। तो वहीं, अब एक बार फिर से टीम मैनेजमेंट ने रोहित शर्मा के लीडरशिप स्किल पर भरोसा दिखाते हुए उन्हें कप्तानी सौंपने का फैसला किया।
डेक्कन चार्जर्स से की थी रोहित ने आईपीएल करियर की शुरूआत
गौरतलब है कि रोहित ने अपने IPL करियर की शुरुआत पूर्व आईपीएल टीम डेक्कन चार्जर्स के साथ की थी। रोहित ने आईपीएल में खबर लिखे जाने तक खेले गए 281 मैचों में 7,329 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और 49 अर्धशतक शामिल हैं।
हिटमैन रोहित IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विराट कोहली हैं, जिन्होंने 283 मैचों में 9,336 रन बनाए हैं, जिसमें 9 शतक और 68 अर्धशतक शामिल हैं।
दूसरी ओर, आईपीएल 2027 के लिए मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने जसप्रीत बुमराह, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और मिचेल सेंटनर जैसे खिलाड़ियों को अपने मुख्य कोर के रूप में रिटेन किया है। इसके साथ ही, टीम में उभरते हुए भारतीय खिलाड़ियों और विदेशी विकल्पों को भी शामिल किया गया है।
IPL 2027 मिनी ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस की रिटेंशन लिस्ट
अर्शदीप सिंह, अश्वनी कुमार, कॉर्बिन बॉश, जसप्रीत बुमराह, मिचेल सेंटनर, नमन धीर, क्विंटन डी कॉक, रघु शर्मा, राज अंगद बावा, रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन, शार्दुल ठाकुर, शेरफेन रदरफोर्ड, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और विल जैक्स
ये भी पढ़ें – न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर हो सकते हैं नाथन लियोन, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया लेगा बड़ा फैसला










