
15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया मंगलवार, 5 अगस्त को यहां श्रीलंका पहुंच चुकी है। भारतीय टीम के साथ इस मौके पर कोच गौतम गंभीर के साथ टेस्ट कप्तान शुभमन गिल मौजूद रहे।
हालांकि, इस दौरान दौरे के लिए टीम इंडिया में चुने गए सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन नजर नहीं आए। सुदर्शन का चयन इस दौरे के लिए फिटनेस के अधीन था। तो वहीं, अब ताजा मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि वह भारतीय टीम के साथ श्रीलंका नहीं पहुंचे हैं।
इस रिपोर्ट में हुआ खुलासा
अगर इसको लेकर रेवस्पोर्ट्स की मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सुदर्शन को छोटी-मोटी परेशानी है, वह टीम इंडिया की फ्लाइट के साथ कोलंबो नहीं पहुंचे हैं। गाले में पहला टेस्ट शुरू होने में अभी 11 दिन बाकी हैं, लेकिन सुदर्शन के न होने से 7 अगस्त से शुरू होने वाले तीन दिन के प्रैक्टिस मैच में उनके खेलने पर शक पैदा हो गया है। सुदर्शन अभी भी श्रीलंका में हाल ही में हुई इंडिया A सीरीज के दौरान लगी पैर की चोट से उबर रहे हैं।
दूसरी ओर, अगर सुदर्शन श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए पूरी तरह से फिट नहीं हो पाते हैं, तो यह बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल के लिए मौका बन सकता है, जो श्रीलंका A के खिलाफ इंडिया A टीम का हिस्सा थे और उन्होंने दो मल्टी-डे मैचों में 67 और 94 रन बनाए थे।
इसके अलावा टीम इंडिया को इस दौरे के लिए पहले ही झटका लग चुका है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो चुके हैं। बीसीसीआई ने बुमराह के रिप्लेसमेंट के तौर पर जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को टीम में शामिल किया है।
श्रीलंका टेस्ट सीरीज 2026 के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, आकिब नबी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन
*फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन
श्रीलंका बनाम भारत दो मैचों की टेस्ट सीरीज का फुल शेड्यूल
पहला टेस्ट, शनिवार, 15 अगस्त से बुधवार, 19 अगस्त2026 तक – गाले इंटरनेशनल स्टेडियम, गाले
दूसरा टेस्ट, रविवार, 23 अगस्त से गुरूवार, 27 अगस्त 2026 तक – सिंहली स्पोर्ट्स क्लब, कोलंबो








