
जारी आईपीएल 2026 का 32वां मैच आज 22 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान राॅयल्स के बीच खेला गया। बता दें इस मुकाबले में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते राजस्थान ने लखनऊ को उन्हीं के होम ग्राउंड इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 40 रनों से हरा दिया है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए आरआर ने होम टीम के सामने जीत के लिए 160 रनों का लक्ष्य रखा, जिसका पीछा करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स राजस्थान राॅयल्स की कमाल की गेंदबाजी के सामने 18 ओवर में सिर्फ 119 रनों पर सिमट गई।
आईपीएल 2026, एलएसजी बनाम आरआर मैच का हाल
मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं तो लखनऊ सुपर जायंट्स ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद राजस्थान राॅयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए। आरआर के लिए आज वैभव सूर्यवंशी 8 और ध्रुव जुरेल 0 बड़ी पारी नहीं खेल पाए।
टीम के लिए यशस्वी जायसवाल ने 22, रियान पराग ने 20, शिमरन हेटमायर ने 22 और डोनावन फरेरा ने 20 रनों की पारी खेली, तो अंत में ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने 29 गेंदों में 43 रनों की पारी खेलकर, टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए गेंदबाजी में मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव व मोहसिन खान को 2-2 विकेट मिले।
इसके बाद, जब लखनऊ सुपर जायंट्स राजस्थान राॅयल्स से मिले 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो वह राजस्थान की शानदार गेंदबाजी के सामने 18 ओवरों में सिर्फ 119 रनों पर सिमट गई। लखनऊ के लिए मिचेल मार्श ने 55 रनों की बेस्ट पारी खेली, लेकिन बाकी किसी खिलाड़ी ने बड़ी पारी नहीं खेली। आयुष बडोनी, कप्तान ऋषभ पंत और एडेन मार्करम बिना खाता खोले आउट हो गए।
तो वहीं, राजस्थान की ओर से कमाल की गेंदाबाजी देखने को मिली। जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा नांद्रे बर्गर, व ब्रजेश शर्मा को 2-2 विकेट मिले। साथ ही इस जीत के बाद राजस्थान, आईपीएल 2026 की पाॅइंट्स टेबल में 10 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।









