बड़ी खबर! मार्को यान्सेन को पछाड़कर नंबर आईसीसी टेस्ट बाॅलर बने मिचेल स्टार्क
स्टार्क को साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने का इनाम मिला
अद्यतन – नवम्बर 4, 2026 7:09 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के अनुभवी गेंदबाज मिचेल स्टार्क एक बार फिर से नंबर वन टेस्ट बाॅलर बन गए हैं। स्टार्क को जारी ताजा आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में साउथ अफ्रीका दौरे पर हुई टेस्ट सीरीज में शानदार गेंदबाजी का इनाम मिला।
उन्होंने पिछले एक हफ्ते से पहले पायदान पर मौजूद साउथ अफ्रीका के मार्को यान्सेन को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया। स्टार्क के 881 रेटिंग पाॅइंट हो गए हैं, जबकि 875 अंकों के साथ यान्सेन दूसरे और न्यूजीलैंड के मैट हेनरी 861 रेटिंग पाॅइंट के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद हैं।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया को साउथ अफ्रीका दौरे पर हुई तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन, स्टार्क ने केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में पहली पारी में 6 और दूसरी पारी में 3 विकेट हासिल किए थे।
इस सीरीज के दौरान ही यान्सेन ने 13 विकेट और 198 रन बनाए, जिसके चलते उन्होंने पहला स्थान हासिल किया था, लेकिन स्टार्क ने आखिरी टेस्ट में कमाल की गेंदबाजी की और फिर से नंबर एक का स्थान हासिल किया।
वनडे और टी20 रैंकिंग में भी हुआ बदलाव
टेस्ट के अलावा वनडे और टी20 रैंकिंग में भी बदलाव देखने को मिला। पाकिस्तान में हुए वनडे ट्राई सीरीज में श्रीलंका के खिलाफ 167 रन की पारी खेलने के बाद, इंग्लैंड के बेन डकेट अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग, छठे स्थान पर पहुंच गए हैं।
जबकि श्रीलंका के पवन रत्नायके 77 और 118 रन की पारियों की बदौलत 20 स्थान ऊपर चढ़कर 16वें नंबर पर आ गए हैं, जबकि पाकिस्तान के फखर जमां फाइनल में 127 रन बनाने के बाद नौ स्थान ऊपर चढ़कर 37वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
तो वहीं, T20I रैंकिंग में, न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें मैच में अर्धशतक लगाने के बाद भारत के श्रेयस अय्यर दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। ग्लेन फिलिप्स पूरी सीरीज में 341 रन बनाने और ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का अवॉर्ड जीतने के बाद 13 स्थान ऊपर चढ़कर 24वें नंबर पर आ गए हैं। इस फाॅर्मेट में भारत के अभिषेक शर्मा 889 रेटिंग पाॅइंट के साथ टाॅप पोजिशन पर दबदबा बनाए हुए हैं।
ये भी पढ़ें – IPL 2027: 3 खिलाड़ी जो MI के कप्तान के रूप में हार्दिक पांड्या की जगह ले सकते हैं










